बीजिंग: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच आज चीन के शेन्जेन शहर में त्रिपक्षीय बैठक हुई। दुनिया के तीन शक्तिशाली नेताओं की इस तरह की यह पहली बैठक है। कुछ विशेषज्ञ इसे G-3 की बैठक कह रहे हैं। यह बैठक एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान हुई और पूरी दुनिया की नजर इस पर है।

व्हाइट हाउस के अनुसार, ट्रंप, शी जिनपिंग और पुतिन के बीच बैठक में ईरान युद्ध और परमाणु हथियारों को लेकर चर्चा हुई। यूक्रेन युद्ध का मुद्दा एजेंडे में शामिल नहीं था। चीनी राष्ट्रपति का मानना है कि यह एक 'यूरोपीय मुद्दा' है। बैठक ऐसे वक्त में हुई जब ट्रंप ने अमेरिका के संबंध उसके सहयोगी देशों से खराब कर दिए हैं। ट्रंप ने बैठक में शांति का आह्वान किया और कहा कि बातचीत से ही समस्या का समाधान हो सकता है।

मध्यावधि चुनाव में करारी हार के बाद ट्रंप इस बैठक को अपनी जीत की तरफ पेश करने के लिए उत्सुक माने जा रहे हैं। ट्रंप चाहते हैं कि पुतिन और शी जिनपिंग ईरान पर दबाव बनाएं, हालांकि ऐसा होता नजर नहीं आ रहा है। ट्रंप चाहते हैं कि कोई त्वरित समझौता हो जाए ताकि वो इसे अपने समर्थकों के बीच उपलब्धि के तौर पर पेश कर सकें। इसके अलावा रूस और अमेरिका के बीच फरवरी में खत्म हो चुकी 'न्यू स्ट्रैटेजिक आर्म्स रिडक्शन ट्रीटी' को फिर से लागू करने पर भी ट्रंप ध्यान दे सकते हैं। इस संधि पर 2010 में हस्ताक्षर हुए थे और इसके तहत दोनों देशों ने अपने परमाणु हथियारों की संख्या सीमित करने की बात कही थी।

पुतिन के लिए बड़ी उपलब्धि यही है कि वे ट्रंप और शी जिनपिंग के साथ एक मंच पर मौजूद रहे। इससे रूस यह संदेश दे रहा है कि अमेरिका और यूरोप की रूस को अलग-थलग करने की कोशिश नाकाम हो चुकी है। पुतिन ट्रंप से यूक्रेन युद्ध में नरमी चाहते हैं और चीन का समर्थन भी चाहते हैं। वहीं शी जिनपिंग को चीन की उन्नति के लिए शांत दुनिया चाहिए। चीन चाहता है कि ट्रंप प्रशासन ताइवान से दूर रहे और उसके खिलाफ सैन्य गठबंधन न बने, जिसमें भारत, जापान, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका वाला क्वाड शामिल है।