सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने आरोप लगाया है कि सरकार ने उन्हें घर में नजरबंद किया है और उन पर भारी खर्च किया गया है। उन्होंने यह दावा भी किया है कि उन्हें आतंकवादी साबित करने में लगभग एक करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। वांगचुक ने बुधवार को करीब ढाई मिनट का एक वीडियो संदेश जारी कर ये बातें कहीं।
वीडियो में वांगचुक ने कहा कि 17 नवंबर को उनके हाउस अरेस्ट का आठवां दिन था। उन्होंने बताया कि उन्होंने जोधपुर जेल में छह महीने काटे, जहां उन पर छह सिपाही तैनात थे और महीने में लगभग छह लाख रुपये का खर्च आ रहा था। उनके मुताबिक, विशेष विमान से ले जाने समेत गिरफ्तारी और छह महीने की जेल पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च हुए। उन्होंने यह भी कहा कि हाउस अरेस्ट के दौरान 20 से 25 सिपाही और 12 से 15 गाड़ियां तैनात हैं।
वांगचुक ने कहा कि लद्दाख में लंबे समय से कोई आयकर नहीं लिया जाता, इसलिए उन पर भी कर देने की जरूरत नहीं है, लेकिन वह सालों से कर देते आए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कर के पैसे ऐसे खर्चों पर लग रहे हैं, तो क्या उन्हें कर देना बंद कर देना चाहिए। उन्होंने स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों और सीमा पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की सुविधाओं पर ध्यान देने की बात कही।
इससे पहले वांगचुक ने कहा था कि प्रस्तावित काउंसिल चुनावों के विरोध में लद्दाख के कई इलाकों में प्रदर्शन हो रहे हैं और उनकी रिहाई का मुद्दा भी इनमें शामिल हो चुका है। उन्होंने बताया कि उन्होंने नजरबंदी के खिलाफ अदालत का रुख किया है और उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।
