श्रीदेवी को सांपों से काफी डर लगता था, लेकिन 1986 में प्रदर्शित हरमेश मल्होत्रा की फिल्म 'नगीना' में उन्होंने इच्छाधारी नागिन का किरदार निभाकर हिंदी सिनेमा में अलग पहचान बनाई। यह किरदार सीता, सती और सावित्री जैसी पारंपरिक छवियों से अलग था, जहां स्त्री अपने पति की रक्षा के लिए खुद को मिटा देती है। नागिन की लोककथा में स्त्री किसी के सहारे नहीं रहती, बल्कि बदला लेने और अपनों को बचाने के लिए अपने शरीर को ही हथियार बना लेती है।

फिल्म की कहानी लेकर हरमेश मल्होत्रा कई कलाकारों के पास गए थे, जिनमें जया प्रदा का नाम सबसे बड़ा था। श्रीदेवी को सांपों के डरावने सपने तक आते थे, फिर भी उन्होंने बिना झिझक यह किरदार स्वीकार किया। फिल्म में उन्होंने गांव की साधारण लड़की रजनी की भूमिका निभाई, जबकि ऋषि कपूर विलायत से पढ़कर लौटे रईस जागीरदार के वारिस बने। रजनी पहले उस नाग की मौत का बदला लेने आती है, जिसे ऋषि की जान बचाने के लिए मारा गया था, लेकिन बाद में उनसे गहरा प्रेम हो जाता है।

कहानी में मोड़ तब आता है जब अमरीश पुरी के किरदार वाला एक साधु दिव्य नागमणि की तलाश में उसके ससुराल पहुंचता है। डॉ. अचला नागर के लिखे डायलॉग सच्ची आस्था और पाखंड के बीच टकराव दिखाते हैं। सरोज खान के निर्देशन में श्रीदेवी ने जो 'नागिन डांस' किया, उसमें गजब की ऊर्जा थी। नागिन जैसा असर लाने के लिए उन्होंने आंखों में विशेष कांटैक्ट लेंस लगाए थे, जिससे शूटिंग के दौरान उनकी आंखों में काफी दर्द भी होता था। 'नगीना' की चर्चा इसके सीक्वल 'निगाहें', सालों तक चले टीवी धारावाहिक और गुरिंदर चड्ढा की फिल्म 'ब्राइड एंड प्रेजुडिस' में किए गए नृत्य के जिक्र के बिना अधूरी है।