सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को उस वकील को अवमानना नोटिस जारी किया, जिसने मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) की याचिका पर हुई, जिसमें वकील के खिलाफ अवमानना कार्रवाई की मांग की गई थी। जस्टिस दीपांकर दत्ता, जॉयमाल्या बागची और वी. मोहना की तीन सदस्यीय बेंच ने वकील से जवाब मांगा है। कोर्ट ने नोटिस का जवाब देने के लिए 20 जनवरी 2027 की तारीख तय की है।

सुप्रीम कोर्ट में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे एक वकील ने CJI सूर्यकांत से तीखी बहस की। वकील अपने खिलाफ चल रहे अवमानना मामले में जल्द सुनवाई चाहता था। जब CJI ने उसे इंतजार करने को कहा, तो वकील ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे इस कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं हैं और उनमें ईमानदारी नहीं है। उस समय बेंच में CJI सूर्यकांत के साथ जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी मौजूद थे। वकील ने तय प्रक्रिया के बिना अपना मामला रखने के लिए पहले माफी मांगी थी, जिस पर जस्टिस वी. मोहना ने कहा कि वे इस तरह मामले का जिक्र नहीं कर सकते।

वकील की टिप्पणी के बाद कोर्ट की कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो बंद कर दिया गया। कोर्ट में मौजूद वकीलों के मुताबिक, बाद में सुरक्षाकर्मी उसे कोर्ट रूम से बाहर ले गए। वहां मौजूद दूसरे वकीलों ने CJI से इस व्यवहार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। हालांकि, वकील के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

इससे पहले जुलाई में एक अन्य घटना में याचिकाकर्ता प्रबल प्रताप ने सुप्रीम कोर्ट में हंगामा किया था और CJI सूर्यकांत के खिलाफ अपशब्द कहे थे। उस समय सुनवाई कर रही बेंच में CJI सूर्यकांत शामिल नहीं थे। बेंच ने अवमानना की कार्रवाई शुरू करने से इनकार करते हुए कहा था कि याचिकाकर्ता परेशान लग रहा था और उसे कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं। अक्टूबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान 71 वर्षीय वकील राकेश किशोर ने तत्कालीन CJI बीआर गवई की तरफ जूता फेंकने की कोशिश की थी। बताया गया कि वकील भगवान विष्णु की मूर्ति से जुड़े एक मामले में CJI की टिप्पणी से नाराज थे। बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने उस वकील को प्रैक्टिस से निलंबित कर दिया था।