त्रिशूर में युवाओं के एक कार्यक्रम में बोलते हुए केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने मंगलवार को कहा कि ई20 पेट्रोल की आलोचना करने वाले लोग मूर्ख हैं और उन्हें इसके पीछे के विज्ञान की जानकारी नहीं है। गोपी केरल के त्रिशूर से सांसद हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ई20 पेट्रोल पर आरोप लगाने वालों की सोच राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने कर्नाटक सरकार की ओर से कराई गई थर्ड पार्टी जांच रिपोर्ट को भी खारिज किया। गोपी ने आशंका जताई कि रिपोर्ट में ज्यादा इथेनॉल का दावा करने वाले पेट्रोल में कुछ मिलावट की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे दावों की जांच के लिए जब सीबीआई को बुलाया जाएगा, तब वे जांच एजेंसी का भी विरोध करेंगे।
गोपी ने इथेनॉल ब्लेंडिंग की प्रक्रिया के बारे में बताया कि पेट्रोल में ई10 से ई20 तक इथेनॉल मिलाने की प्रक्रिया ऑटोमोबाइल रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया के वैज्ञानिकों के बार-बार किए गए शोध के बाद शुरू की गई थी। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के लिए जिनेवा कन्वेंशन के तहत कड़े दिशानिर्देश जारी किए जा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि हमें इस बात का ध्यान रखना होगा कि हम वातावरण में क्या छोड़ रहे हैं और वाहनों से निकलने वाले धुएं का रासायनिक संयोजन क्या है। उन्होंने कहा कि अगर देश इन नियमों का पालन नहीं करते हैं, तो हमारे ग्रह का स्वास्थ्य खतरे में पड़ जाएगा।
