लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सपा नेताओं का कहना है कि दोनों दलों के बीच कोई मतभेद नहीं है और जीत के आधार पर सीटों का बंटवारा होगा।

अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि सीटों को लेकर मांग का कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव की गंभीरता को देखते हुए नेता गंभीर हैं और समाजवादी पार्टी तथा कांग्रेस के बीच सीटों व तालमेल को लेकर कहीं मतभिन्नता नहीं है। उनके अनुसार जीत के आधार पर सीटों का बंटवारा होगा और नेताओं में कोई दरार नहीं है। उन्होंने कहा कि यह आम चुनाव नहीं है और 'INDIA' गठबंधन के नेता समझदारी से सीटों के बंटवारे पर काम कर रहे हैं।

संभल से सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कहा कि देरी किसी भी पार्टी की ओर से हो सकती है। दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ना चाहती हैं और अखिलेश यादव की भी यही इच्छा है। उन्होंने कहा कि कुछ चीजों के निपटारे में समय लगता है और उम्मीद है कि राहुल गांधी तथा अखिलेश यादव के नेतृत्व में समय से पहले इन मुद्दों को तय कर लिया जाएगा।

बर्क ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रमों और भाजपा की चुनावी तैयारियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश और देश दोनों जगह सत्ता में है और उसे अपने 10 साल के काम का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि सपा और इंडिया गठबंधन विपक्ष में हैं और जनता के बीच अपना घोषणापत्र लेकर जाएंगे।