कावेरी नदी पर प्रस्तावित मेकेदातु बांध को लेकर तमिलनाडु में राजनीतिक विवाद गहरा गया है। द्रमुक ने मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय पर आरोप लगाया है कि वह इस मामले को फिल्मी अंदाज में संभाल रहे हैं। मंगलवार को पार्टी ने कहा कि सिनेमा में सोलो परफॉर्मेंस दी जा सकती है, लेकिन राज्य की लाइफलाइन से जुड़े इस मुद्दे पर सभी को साथ लेकर चलना चाहिए।

द्रमुक प्रमुख एमके स्टालिन ने पार्टी के मुखपत्र मुरासोली में आरोप लगाया कि टीवीके के नेतृत्व वाली सरकार हर मुद्दे पर सुस्त रहती है और मेकेदातु पर भी उदासीनता दिखा रही है। पार्टी ने सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग दोहराई है। अपने संपादकीय में अखबार ने कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ऐसे बोल रहे हैं, मानो बांध बनाना ही उनके जीवन का एकमात्र लक्ष्य हो। इसमें शिवकुमार की 13 नवंबर की उस कथित टिप्पणी का जिक्र किया गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि बांध का निर्माण कोई नहीं रोक पाएगा।

द्रमुक ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा कि जब वहां राजनीति के लिए कई मुद्दे मौजूद हैं, तो इस मुद्दे पर राजनीति क्यों की जा रही है। उल्लेखनीय है कि हाल में शिवकुमार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सामने इस बांध परियोजना के लिए केंद्र सरकार द्वारा जल्द अनुमति की प्रक्रिया पूरी करने की मांग रखी थी। उनके इस कदम पर तमिलनाडु कांग्रेस के अध्यक्ष मणिकम टैगोर भी कड़ी आपत्ति जता चुके हैं।

इधर, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मेकेदातु बांध परियोजना का विरोध करने वाली तमिलनाडु की राजनीतिक पार्टियों से पूछा है कि क्या उन्होंने कावेरी जल बंटवारे पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर ध्यान दिया है।