केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का खेत में बिना हाथ लगाए ट्रैक्टर चलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मंगलवार को पंजाब के साहिबजादा अजीत सिंह नगर जिले के बदरपुर में उन्होंने यह ट्रैक्टर चलाया। हरे रंग के बड़े चक्कों वाले ट्रैक्टर में बैठे शिवराज के हाथ दूर थे, लेकिन ट्रैक्टर खुद ही मुड़ रहा था और अपना रास्ता तय कर रहा था। उन्होंने यह वीडियो अपने अधिकारिक अकाउंट से शेयर करते हुए आधुनिक खेती को लेकर एक पंक्ति भी लिखी।
शिवराज सिंह चौहान खेत बचाओ अभियान के तहत बदरपुर पहुंचे थे। वहां उन्होंने किसानों से आत्मीय संवाद किया और उनके अनुभव सुने। किसानों के सुझाव जाने और खेती को अधिक बेहतर व लाभकारी बनाने तथा उनकी आमदनी बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की।
वीडियो सामने आने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या भारत में बिना चालक वाले ट्रैक्टर उपलब्ध हैं। इसका जवाब हां है। देश में ड्राइवरलेस या ऑटोनोमस ट्रैक्टर मिलने लगे हैं, जिनमें स्टीयरिंग थामने की जरूरत नहीं पड़ती। ये ट्रैक्टर खेत की सीमाओं और सैटेलाइट सिग्नल के जरिए अपना रास्ता तय करते हैं। एक बार खेत का नक्शा और उपकरण की लंबाई-चौड़ाई सेट करने के बाद ट्रैक्टर सीधी लाइन में बुवाई या जुताई करता रहता है। खेत खत्म होने पर वह खुद उपकरण ऊपर उठाता है और मुड़कर अगली लाइन में काम शुरू कर देता है।
सामने कोई इंसान या बड़ा पत्थर आने पर यह ट्रैक्टर उसे पहचानकर तुरंत रुक जाता है और रास्ता बदलकर फिर काम शुरू कर देता है। यह कभी खेत की सीमा के बाहर नहीं जाता। जिन किसानों के पास पुराना ट्रैक्टर है, वे बाजार में मिलने वाली ऑटो स्टीयरिंग किट लगाकर उसे भी ड्राइवरलेस बना सकते हैं।
