भुवनेश्वर में आयोजित यूथ फेस्टिवल 'उमंग' में आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर ने जेन जी (Gen Z) से जुड़े मुद्दों पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं की शिकायतें और समस्याएं जायज हैं और उनकी आवाज सुनी जानी चाहिए, लेकिन जैसे ही यह मुद्दा राजनीतिक रंग ले लेता है, बात बदल जाती है। पीटीआई से बातचीत में उन्होंने यह बातें कहीं। श्री श्री रविशंकर का आशय नीट पेपर लीक जैसे विषयों की तरफ था।
ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम में यूथ फेस्टिवल उमंग में 100 से ज्यादा शैक्षणिक संस्थानों से आए लोगों की भारी भीड़ ने संगीत, ज्ञान और जश्न में हिस्सा लिया। इसमें ऑर्ट ऑफ लिविंग संस्था के प्रमुख श्री श्री रविशंकर मौजूद रहे। यूथ फेस्टिवल को ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन मांझी ने भी संबोधित किया।
श्री श्री रविशंकर ने कहा कि आज की जेन जी एक तरफ बहुत आक्रामक है, तो दूसरी तरफ अवसाद में चली जाती है। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वे इन दोनों स्थितियों से बाहर निकलकर सफल बनें। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी आवाज जरूर उठाएं, लेकिन किसी भी आंदोलन के दौरान असामाजिक या राष्ट्र-विरोधी तत्वों से दूर रहें, क्योंकि ऐसे तत्व आंदोलनों में घुसपैठ कर जाते हैं।
'उमंग 2026' युवा महोत्सव के दौरान उन्होंने युवाओं से नशे और किसी भी प्रकार के मादक द्रव्यों के सेवन से दूर रहने का आह्वान किया और नशा मुक्त ओडिशा पर जोर दिया। इससे पहले श्री श्री रविशंकर ने गुजरात के आणंद जिले में दिवाली के बाद एक कार्यक्रम में शिरकत की थी, जहां भी उन्होंने युवाओं से अपनी समस्याएं उठाने लेकिन राष्ट्र-विरोधी तत्वों से दूर रहने की अपील की थी।
