चेन्नई में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के विमोचन कार्यक्रम में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में कई दिग्गज नेता विजय से मिलने के लिए उत्सुक दिखे, वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने घर में पिछले 22 साल से काम कर रही महिला को विजय से मिलवाया और उनकी तस्वीर भी खिंचवाई। विजय ने महिला से बातचीत भी की।

प्रियंका गांधी ने विजय से आग्रह किया था कि वे उनके घर में काम करने वाली महिला से मिल लें। विजय ने यह आग्रह स्वीकार किया और महिला के साथ फोटो खिंचवाई। बताया जा रहा है कि महिला पिछले दो दशक से विजय से मिलने का सपना संजोए हुए थी। विजय इसी महीने की 10 तारीख को मुख्यमंत्री के तौर पर छह महीने का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं।

कार्यक्रम में मंत्री एन. आनंद और आधव अर्जुन भी मौजूद थे। विजय ने सोनिया गांधी से भी मुलाकात की और कांग्रेस के दो मुख्यमंत्रियों सुखविंदर सिंह सुक्खू और केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन के अलावा के. सी. वेणुगोपाल और गौरव गोगोई से भी बातचीत की। प्रियंका गांधी ने विजय का गर्मजोशी से स्वागत किया। विजय टीवीके के दो नेताओं के साथ कार्यक्रम में पहुंचे थे।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय अपनी करिश्माई जीत और सिनेमाई छवि के कारण लोकप्रियता के शिखर पर हैं। दक्षिणी राज्यों के साथ-साथ हिंदी पट्टी में भी उनका फैन बेस है। कांग्रेस तमिलनाडु में विजय की अगुवाई वाली टीवीके सरकार का समर्थन कर रही है और उस सरकार में साझीदार है। कांग्रेस ने डीएमके से गठबंधन तोड़कर टीवीके को समर्थन दिया है।