तेलंगाना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने रंगारेड्डी जिले की मोइनाबाद नगर पालिका में तैनात टाउन प्लानिंग अधिकारी गुंडू वाणी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। अधिकारी पहले से रिश्वतखोरी के एक मामले में न्यायिक हिरासत में हैं। इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक जांच में पता चला है कि उन्होंने भ्रष्ट तरीकों से लगभग 6.76 करोड़ रुपये की संपत्ति जुटाई।

ACB के मुताबिक 16 नवंबर को वाणी के घर और दफ्तर सहित उनके कई रिश्तेदारों और दोस्तों के ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली गई। आठ ठिकानों पर हुई इस कार्रवाई में उनके पास कई चल और अचल संपत्तियां मिलीं, जो उनकी आय के हिसाब से काफी अधिक थीं। बता दें कि वाणी बीते सितंबर में पहली बार ACB के रडार पर आई थीं, जब उन पर मोइनाबाद नगर पालिका कार्यालय में काम करते हुए एक पंचायत सचिव के जरिए कथित तौर पर 75,000 रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने का आरोप लगा था। ACB ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ा था।

तलाशी के दौरान अधिकारी के महबूबनगर जिले में 283.11 गज और जनगांव जिले में 424 गज के दो प्लॉट मिले, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 87.67 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा कथित तौर पर 63 लाख रुपये का एक आलीशान फ्लैट और लगभग 2.45 करोड़ रुपये की कीमत का एक तीन मंजिला घर भी मिला है।

चल संपत्तियों में 5.47 लाख रुपये नकद और बैंक खातों में 7.97 लाख रुपये जमा मिले हैं। महबूबनगर स्थित 'तुलजा भवानी वाइन्स' में 50 लाख रुपये का निवेश और 1.30 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर होने की बात भी सामने आई है। इसके अलावा लगभग 175.1 ग्राम के सोने के गहने, 5.10 लाख रुपये मूल्य के बेशकीमती सामान और 50 लाख रुपये की एक गाड़ी भी बरामद हुई है। आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।