बेंगलुरु के बेलंदूर इलाके में एक किराएदार की घटना के बाद सोशल मीडिया पर किराए के घर में निजता और मकान मालिक की बिना सूचना एंट्री को लेकर बहस तेज हो गई है। उस युवक ने रेडिट पर बताया कि उसने अपने भाई के साथ एक सोसाइटी में 2BHK फ्लैट किराए पर लिया था। शिफ्ट होने के कुछ दिनों बाद मकान मालिक ने फ्लैट की एक अतिरिक्त चाबी मांगी। किराएदार को इमरजेंसी के लिए चाबी देने में दिक्कत नहीं थी, लेकिन जब उसने पूछा कि मकान मालिक घर आने से पहले सूचित करेंगे या नहीं, तो मकान मालिक भड़क गए। मकान मालिक का तर्क था कि घर उनका है, इसलिए अपनी ही प्रॉपर्टी देखने के लिए बार-बार इजाजत लेने की क्या जरूरत है। हालांकि, किराए के एग्रीमेंट में ऐसी कोई शर्त नहीं लिखी थी।

कानूनी विशेषज्ञों के मुताबिक, मकान मालिक के पास दूसरी चाबी होना अलग बात है, लेकिन उसका इस्तेमाल करके बिना बताए घर में दाखिल होना बिल्कुल अलग मामला है। एक बार किराएदार को घर का कब्जा मिल जाने और समय पर किराया देने पर मकान मालिक सिर्फ मालिकाना हक के आधार पर जब चाहे घर में नहीं आ सकता। 'संपत्ति हस्तांतरण अधिनियम, 1882' की धारा 108(c) किराएदार को बिना किसी बाहरी दखल के घर इस्तेमाल करने का अधिकार देती है। यहां शांतिपूर्ण कब्जे का मतलब मकान मालिक की बेवजह आवाजाही से मुक्ति है।

इसी कानून की धारा 108(m) मकान मालिक को उचित समय पर घर का निरीक्षण करने का हक देती है, लेकिन इसके लिए किराएदार को पहले से जानकारी देना जरूरी है। आग लगने, पानी की पाइप फटने या किसी बड़े हादसे की स्थिति में मकान मालिक तुरंत अंदर जा सकता है, लेकिन तब भी उसे किराएदार को फौरन सूचना देनी होगी। कई राज्यों के किराया कानूनों में पहले से नोटिस देने का नियम है। जैसे कर्नाटक रेंट एक्ट के तहत निरीक्षण के लिए पहले से मौखिक सहमति या 20 घंटे का लिखित नोटिस जरूरी होता है।

कानूनी जानकारों के मुताबिक, अगर मकान मालिक बार-बार बिना इजाजत घर में आता है, तो किराएदार तारीख नोट करके, मैसेज या सीसीटीवी फुटेज जैसे सबूत जुटा सकते हैं और मकान मालिक को मैसेज या ईमेल से लिखित चेतावनी दे सकते हैं। अगर वह फिर भी न मानें, तो किराएदार सिविल कोर्ट जाकर बिना इजाजत घुसने पर रोक लगाने की मांग कर सकते हैं। सिर्फ नोटिस न देना आपराधिक मामला नहीं बनता, लेकिन अगर मामला 'आपराधिक अतिक्रमण' (BNS की धारा 329) की श्रेणी में आता है, तो पुलिस में शिकायत की जा सकती है। बचाव का सबसे आसान तरीका यह है कि घर किराए पर लेते समय ही रेंट एग्रीमेंट में साफ लिखवा लिया जाए कि मकान मालिक किस स्थिति में और कितने घंटे पहले सूचना देकर निरीक्षण कर सकेंगे, और गैरमौजूदगी में नुकसान की जिम्मेदारी किसकी होगी।