तुर्की ने साइप्रस द्वारा भारत से ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल खरीदने की संभावना पर संयुक्त राष्ट्र में चिंता जताई है। संयुक्त राष्ट्र में तुर्की के स्थायी प्रतिनिधि अहमद यिल्डिज का 2 नवंबर का पत्र सामने आया है, जिसमें साइप्रस के सैन्य आधुनिकीकरण पर आपत्ति जताते हुए ब्रह्मोस का विशेष जिक्र किया गया है। यह पत्र संयुक्त राष्ट्र महासभा और सुरक्षा परिषद को भेजा गया है।
पत्र में तुर्की-साइप्रस पक्ष की उन चिंताओं का जिक्र है, जो साइप्रस के रक्षा उपकरणों की खरीद और सैन्य सहयोग बढ़ाने से जुड़ी हैं। इसमें तर्क दिया गया है कि साइप्रस का सैन्य आधुनिकीकरण क्षेत्रीय सुरक्षा संतुलन को प्रभावित करेगा। हालांकि पत्र में किसी आधिकारिक अनुबंध, मिसाइलों की संख्या या डिलीवरी शेड्यूल की जानकारी नहीं दी गई है। साइप्रस ने भारत से ये मिसाइलें खरीदने का सौदा अभी अंतिम रूप नहीं दिया है।
तुर्की के पत्र में ग्रीस से साइप्रस को लेपर्ड बैटल टैंक भेजने की योजना और केंटावरोस मानवरहित हवाई वाहन खरीद की खबरों का भी जिक्र है। इसमें इजरायल से टैंक खरीद के लिए होने वाले समझौतों की आलोचना की गई है। पत्र में फ्रांस के साथ साइप्रस की साझेदारी पर चिंता जताई गई है और पाफोस में एयर बेस के अपग्रेड में अमेरिकी भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। तुर्की का आरोप है कि साइप्रस अपनी जमीन का इस्तेमाल अमेरिका, इजरायल और फ्रांस के ईरान के खिलाफ सैन्य अभियानों के लिए करने दे रहा है।
ब्रह्मोस भारत और रूस द्वारा संयुक्त रूप से विकसित सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल है, जिसकी रफ्तार ध्वनि से तीन गुना तक बताई जाती है। साइप्रस को मिलने वाली संभावित ब्रह्मोस मिसाइल की रेंज 600 किमी से अधिक है। तुर्की को आशंका है कि इस रेंज वाली सुपरसोनिक मिसाइल उसकी राजधानी अंकारा और प्रमुख सैन्य ठिकानों को सीधे निशाना बना सकती है। उल्लेखनीय है कि साइप्रस और तुर्की के संबंध तनावपूर्ण रहे हैं और द्वीप 1974 में दो हिस्सों में बंट गया था। तुर्की का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त साइप्रस के साथ कोई राजनयिक संबंध नहीं है, जबकि द्वीप का उत्तरी हिस्सा तुर्की के नियंत्रण में है।
