इस वर्ष मां वैष्णो देवी की यात्रा में अब तक करीब 87.20 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वर्ष समाप्त होने में अभी 43 दिन शेष हैं। अनुकूल मौसम, सामान्य यात्रा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही को देखते हुए इस वर्ष 2012 के बाद पहली बार यात्रा का आंकड़ा एक करोड़ के पार पहुंचने की उम्मीद बढ़ गई है।

बुधवार को भी खिली धूप के बीच देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं का कटड़ा पहुंचने और भवन की ओर रवाना होने का सिलसिला जारी रहा। बुधवार को 17 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करवाकर भवन की ओर प्रस्थान किया, जबकि 17 नवंबर को कुल 25,200 श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में हाजिरी लगाई। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग और सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेलीकाप्टर सेवा, बैटरी कार, रोपवे केबल कार के अलावा घोड़ा, पिट्ठू और पालकी की व्यवस्था भी उपलब्ध है।

यात्रा के बढ़ते आंकड़े के बीच आधार शिविर कटड़ा में रौनक बनी हुई है। मां के दर्शन करने के बाद श्रद्धालु बाजारों में प्रसाद, माता की चुनरी और अन्य सामान की खरीदारी कर रहे हैं, जिससे स्थानीय कारोबार को गति मिल रही है और व्यापारियों में उत्साह है। भवन पहुंचकर श्रद्धालु बिना अधिक इंतजार के मां के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। काफी संख्या में श्रद्धालु रोपवे केबल कार सहित अन्य साधनों से भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दरबार में भी हाजिरी लगा रहे हैं।

रिकॉर्ड पर नजर डालें तो वर्ष 2011 में पहली बार यात्रा का आंकड़ा एक करोड़ एक लाख के पार पहुंचा था और वर्ष 2012 में करीब एक करोड़ चार लाख श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई थी। इन दोनों वर्षों के बाद यात्रा का आंकड़ा इस रिकॉर्ड को नहीं छू सका। अब 2026 में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या ने पुराने रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद जगा दी है।