येजदी ने 2026 मॉडल ईयर के लिए अपनी स्क्रैम्बलर बाइक को कई बड़े अपडेट के साथ पेश किया है। कंपनी ने डिजाइन, इंजन, वजन और राइडिंग एक्सपीरियंस में सुधार किए हैं। नई बाइक में 334cc का लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है, जो 30 PS की पावर और 30 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें तीन राइडिंग मोड, ट्रैक्शन कंट्रोल और स्विचेबल ABS जैसे फीचर्स मिलते हैं। बाइक की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.99 लाख रुपये है। रिव्यू के दौरान बाइक को सिटी और हाईवे दोनों जगह चलाया गया और इसकी परफॉर्मेंस, कम्फर्ट, हैंडलिंग, ब्रेकिंग और माइलेज को परखा गया।
डिजाइन की बात करें तो नई स्क्रैम्बलर में नया फ्यूल टैंक मिलता है, जिसका डिजाइन अपडेटेड येजदी रोडस्टर से मिलता-जुलता है। साइड पैनल पर रेसिंग स्टाइल नंबर बोर्ड और नई रिब्ड सीट दी गई है। पहले मिलने वाले डुअल एग्जॉस्ट की जगह अब सिंगल एग्जॉस्ट दिया गया है, जिससे पिछला हिस्सा ज्यादा साफ नजर आता है। बाइक में हाई-माउंटेड फ्रंट मडगार्ड, ऑफसेट डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, चौड़ा हैंडलबार और 19-इंच फ्रंट तथा 17-इंच रियर वायर-स्पोक व्हील मिलते हैं।
इंजन की बात करें तो 334cc का सिंगल-सिलेंडर, 4-स्ट्रोक, लिक्विड-कूल्ड DOHC इंजन 8,100 rpm पर 30 PS की पावर और 6,750 rpm पर 30 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें इलेक्ट्रॉनिक फ्यूल इंजेक्शन सिस्टम और 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है। रिव्यू के अनुसार इंजन का लो-एंड और मिड-रेंज परफॉर्मेंस अच्छा है और शहर के ट्रैफिक में बाइक आसानी से चलती है। बाइक को 120 kmph तक चलाया गया, जहां कंट्रोल अच्छा बना रहा, लेकिन तेज रफ्तार पर इंजन में वाइब्रेशन महसूस होता है।
बाइक की सीट हाइट 813mm और कर्ब वेट 174 किलोग्राम है। चौड़े और ऊंचे हैंडलबार के कारण राइडर को सीधा बैठने में मदद मिलती है, लेकिन सीट का साइज छोटा होने से लंबे सफर में परेशानी हो सकती है। सस्पेंशन की बात करें तो फ्रंट में 150mm स्ट्रोक वाला टेलिस्कोपिक हाइड्रोलिक फोर्क और रियर में 5-स्टेप एडजस्टेबल प्रीलोड के साथ ट्विन शॉक एब्जॉर्बर दिए गए हैं, जिन्होंने शहर और हाईवे दोनों जगह अच्छा काम किया।
