पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा है कि अदालतों में एआई का इस्तेमाल ट्रांसक्रिप्शन, अनुवाद, मामलों की सूची बनाने और दस्तावेजों की कमियां खोजने जैसे उबाऊ कामों के लिए किया जा सकता है, लेकिन फैसला लिखने और उस पर दस्तखत की जिम्मेदारी जज की ही रहनी चाहिए। उन्होंने ये बातें नई दिल्ली में शनिवार को ‘AI फॉर ऑल: AI गवर्नेंस एंड ट्रस्ट, द केस फॉर ज्यूडिशियल एक्सेस एंड एनपावर्ड इंडिया’ कार्यक्रम में कहीं।

चंद्रचूड़ ने कहा कि भारतीय न्याय व्यवस्था की त्रासदी यह है कि जज अपना समय उस काम में लगा रहे हैं, जो उनके समय का सबसे कम हिस्सा होना चाहिए। उनका ध्यान तुरंत फैसले लेने पर होना चाहिए। एआई से बने फर्जी कानूनी हवालों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जो लॉ रिपोर्ट अस्तित्व में ही नहीं है, उसे 30 सेकेंड में पकड़ा जा सकता है, लेकिन असली फैसले में गढ़ा हुआ पैराग्राफ हर आम जांच में पास हो जाएगा। मशीन से बना हर उद्धरण और हर अनुवाद इंसान को जांचना होगा और हर इस्तेमाल का रिकॉर्ड रखना होगा।

पूर्व CJI ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की AI कमेटी ने 3 जून को अदालतों में एआई के इस्तेमाल के लिए ड्राफ्ट नियम जारी किए थे। ये प्रस्तावित नियम सुप्रीम कोर्ट से लेकर ट्रायल कोर्ट और ट्रिब्यूनल तक लागू करने के लिए बनाए गए हैं और इनका आधार मानव की प्राथमिकता, पारदर्शिता, जवाबदेही, डेटा सुरक्षा और न्यायिक स्वतंत्रता है। नियम केस मैनेजमेंट, ट्रांसक्रिप्शन, अनुवाद और रिसर्च में एआई के इस्तेमाल की अनुमति देते हैं, लेकिन जमानत जोखिम का आकलन या गवाह की विश्वसनीयता तय करने में इसके इस्तेमाल पर रोक है। उन्होंने कहा कि जहां किसी के अधिकार या आजादी का सवाल हो, वहां अपारदर्शी सिस्टम की अनुमति नहीं होनी चाहिए।

प्रस्तावित नियमों में अदालतों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले हर एआई टूल का रजिस्टर रखने और गड़बड़ी की स्थिति में घटनाओं का डेटाबेस बनाने की बात कही गई है। जो पक्ष अपनी दलीलों में एआई का इस्तेमाल करेंगे, उन्हें इसकी जानकारी देनी होगी। चंद्रचूड़ ने नियमों को अंतिम रूप देने से पहले एआई से जुड़ी गलतियों को चुनौती देने की व्यवस्था, जिला जजों की ट्रेनिंग और स्वतंत्र ऑडिट पर ध्यान देने की जरूरत बताई। उन्होंने लंबित मामलों का हवाला देते हुए बताया कि देश की अदालतों में करीब 5.64 करोड़ मामले लंबित हैं और जिला अदालत का एक जज औसतन करीब 2,200 मामले संभालता है।