एआई के खतरों और संभावनाओं पर जारी बहस के बीच आईआईटी दिल्ली के यार्दी स्कूल ऑफ एआई के प्रमुख डॉ. चेतन अरोड़ा ने कहा है कि हर तकनीक की तरह एआई के भी अच्छे-बुरे दोनों पहलू हैं, लेकिन इससे पीछे हटने का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत को अपनी जरूरतों के हिसाब से कम लागत वाले विशेषज्ञ एआई मॉडल विकसित करने होंगे।
एक बातचीत में डॉ. अरोड़ा ने कहा कि तकनीक अपने आप में न रचनात्मक होती है और न विनाशकारी, उसका उपयोग ही उसे रचनात्मक या विनाशकारी बनाता है। उन्होंने इसकी तुलना 1940 के दशक के परमाणु परीक्षणों से की और कहा कि प्रतिबंधों के बावजूद भारत ने देश की सुरक्षा और शक्ति संतुलन के लिए परीक्षण किए। उनके मुताबिक एआई के क्षेत्र में भी इसी तरह के कदम उठाने पड़ेंगे।
डॉ. अरोड़ा ने कहा कि विकसित देश विकासशील देशों को रोकना चाहते हैं, इसमें कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि इसरो की स्थापना से लेकर उपग्रह निर्माण, परमाणु परीक्षण और मिसाइल कार्यक्रम के दौरान भारत पर कई प्रतिबंध लगाए गए, लेकिन देश नहीं रुका और अपनी जरूरतों के हिसाब से आत्मनिर्भर हुआ। उन्होंने कहा कि कोई भी देश या कंपनी दान करने नहीं बैठी है, और जो तकनीक भू-राजनीतिक स्थिति बदल सकती है, हर देश उस पर नियंत्रण चाहेगा।
उन्होंने सुझाव दिया कि भारत को 'एआई लीडरशिप' का रोडमैप तैयार करना चाहिए और वैश्विक स्तर पर बन रहे एआई से हटकर अपनी तकनीक विकसित करनी होगी। डॉ. अरोड़ा ने उम्मीद जताई कि अगले एक से डेढ़ साल के भीतर भारत में चिकित्सा क्षेत्र में एआई को लेकर व्यापक बदलाव देखने को मिलेंगे और ग्रामीण प्राथमिक चिकित्सालयों में एमबीबीएस डॉक्टर के साथ एआई रेडियोलॉजिस्ट काम करते नजर आएंगे।
