निर्वाचन आयोग ईवीएम और वीवीपैट को लेकर जनता में फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए शुक्रवार से आगरा, मथुरा सहित प्रदेश के सभी जिलों में इन मशीनों का प्रदर्शन करेगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो से तीन मोबाइल वैन घूमेंगी, जहां लोगों को मतदान का तरीका सिखाया जाएगा और वीवीपैट की पर्ची भी दिखाई जाएगी। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची से डुप्लीकेट और अपात्र नाम हटाए जाएंगे, जबकि छूटे हुए मतदाताओं और युवाओं को सूची में जोड़ा जाएगा।
भारत और राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने आगरा के होटल मुगल में 21 जिलों के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। आगरा, कानपुर नगर, बरेली, झांसी और चित्रकूट मंडल की समीक्षा बैठक में प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि सभी जिलों में चुनाव प्रबंधन योजना बन चुकी है और पहले चरण का प्रशिक्षण भी चल रहा है। बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सवाल भी पूछे गए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार सभी बूथों पर पानी, शौचालय, बिजली, सड़क और दिव्यांगों के लिए रैंप अनिवार्य रूप से उपलब्ध होने चाहिए। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों को चिन्हित कर उसी आधार पर चुनाव के दौरान फोर्स उपलब्ध कराया जाएगा। चुनाव में सचल दस्ता, स्टेटिक सर्विलांस टीम और सर्विलांस सीजर टीम सहित अन्य टीमें सक्रिय होंगी, जिनमें 20 विभागों का सहयोग लिया जाएगा। टीमें विधानसभा चुनाव की तिथियों की घोषणा वाले दिन से सक्रिय हो जाएंगी।
बैठक में वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने 21 जिलों के डीएम का प्रेजेंटेशन देखा, जिसमें प्रत्येक जिले को 15 मिनट का समय दिया गया था। मतदाता जागरूकता के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा और कालेजों सहित अन्य संस्थानों में शिविर आयोजित होंगे। बूथों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए सभी बूथों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनका प्रसारण कंट्रोल रूम में होगा। बूथ कैप्चरिंग का प्रयास करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आगरा के बाद गोरखपुर और फिर लखनऊ में बैठक होगी, जिनमें विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
