जम्मू स्थित नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ हाइड्रोलॉजी के एक अध्ययन के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में 35 किमी लंबे बालटाल-अमरनाथ-पंजतरनी-पोथपत्री मार्ग का करीब 85% हिस्सा भूस्खलन के लिए संवेदनशील है। अध्ययन में 16.2% क्षेत्र को बेहद संवेदनशील और 68.1% को मध्यम संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। शोधकर्ताओं के अनुसार तेज बारिश, बादल फटने, कमजोर चट्टान और सड़क निर्माण से ढलानें अस्थिर हो रही हैं। उन्होंने 1994 से 2024 के बीच बालटाल घाटी में 45 मिमी से अधिक बारिश की 54 घटनाएं दर्ज कीं, जिनमें 15 मानसून के दौरान हुईं। अध्ययन में कहा गया है कि बड़े नुकसान से बचने के लिए मार्ग के करीब सुरक्षा उपाय जरूरी हैं।
अमरनाथ गुफा समुद्र तल से 3,800 मीटर (12,000 फीट) की ऊंचाई पर स्थित है और पिछले दो दशकों में हर साल औसतन 3 से 4 लाख श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। पिछले पांच वर्षों यानी 2022 से 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक, 22.17 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए।
रिपोर्ट के मुताबिक, पहलगाम मार्ग पर चंदनवाड़ी से शेषनाग और पंचतरणी तक रास्ता कई जगह खड़ी ढलानों और संकरी पहाड़ियों के बीच से गुजरता है, जहां कई हिस्सों में एक साथ दो लोगों की आवाजाही भी मुश्किल है। मलबा गिरने या रास्ता कटने पर यात्रियों के आगे-पीछे दोनों तरफ फंसने की आशंका रहती है और दुर्गम हालात में राहत दलों के लिए मौके तक पहुंचना और घायलों को सुरक्षित निकालना चुनौती बन जाता है। घोड़ों-पालकियों के कारण रास्ता खाली कराना भी मुश्किल होता है।
इस बीच, भूस्खलन के चलते इस साल यात्रा 20 दिन पहले ही रोक दी गई थी। लगातार बारिश और लैंडस्लाइड से रास्ते खराब होने के कारण यात्रा 9 अगस्त से श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दी गई थी, जबकि यात्रा समापन की तारीख 28 अगस्त थी। पारंपरिक छड़ी मुबारक कार्यक्रम के साथ इसका औपचारिक धार्मिक समापन 28 अगस्त को ही हुआ था।
