प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 21 नवंबर 2026 को बिहार के वैशाली जिले में लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पण करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री दोपहर करीब 1:15 बजे 'नीतीश सेतु' का दौरा करेंगे और करीब 2 बजे मुख्य कार्यक्रम में परियोजनाएं देंगे। इसके बाद राजापाकर (जाफरपट्टी) में जनसभा को संबोधित करेंगे। ये परियोजनाएं सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी बुनियादी ढांचे, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन जैसे क्षेत्रों से जुड़ी हैं, जिनका उद्देश्य राज्य में बुनियादी ढांचा मजबूत करना और सार्वजनिक सेवाओं में सुधार लाना है।

प्रधानमंत्री लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से गंगा नदी पर बने छह लेन के एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टेड पुल 'नीतीश सेतु' को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 19.7 किलोमीटर लंबी यह परियोजना पटना जिले में NH-22 पर स्थित कच्ची दरगाह को वैशाली जिले में NH-322 पर स्थित बिदुपुर से जोड़ती है, जिसमें 9.7 किलोमीटर का मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की संपर्क सड़कें शामिल हैं। यह पुल महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम करेगा और उत्तर तथा दक्षिण बिहार के बीच यात्रा का समय घटाएगा। राघोपुर दियारा के निवासियों को पटना, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सेवाओं तक बेहतर पहुंच मिलेगी, जबकि कृषि उपज और औद्योगिक सामानों की आवाजाही सुगम होने से व्यापार और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की कई प्रमुख बुनियादी ढांचा और विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें NH-19 के औरंगाबाद-चोरदाहा खंड को छह लेन का बनाना, NH-227F का चोरमा-बैरगनिया खंड और NH-327 का उमगांव-सहरसा खंड शामिल हैं। ऊर्जा क्षेत्र में 1,320 मेगावाट की बक्सर थर्मल पावर परियोजना की यूनिट-2 (660 मेगावाट) तथा बिजली वितरण और ट्रांसमिशन परियोजनाओं का उद्घाटन होगा, जिनमें 1,130 करोड़ रुपये से अधिक के RDSS लॉस रिडक्शन कार्य शामिल हैं। इसके अलावा नहरों और तटबंधों के जीर्णोद्धार, नवादा के फुलवरिया बांध पर फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट, कहलगांव में सीवरेज इंफ्रास्ट्रक्चर तथा शिक्षण संस्थानों, आवासीय विद्यालयों, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि, खेल और लोक प्रशासन से जुड़े भवनों का भी उद्घाटन किया जाएगा।

प्रधानमंत्री लगभग 14,450 करोड़ रुपये की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें 3,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले NH-139W के साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड को चार लेन का बनाना और लगभग 3,350 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली पीरपैंती सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट (3 x 800 मेगावाट) की पावर इवेक्युएशन परियोजना प्रमुख हैं। बेगूसराय, बिहारशरीफ, पूर्णिया, हाजीपुर, मोतिहारी, दानापुर, खगड़िया, समस्तीपुर, बोधगया, सीतामढ़ी और सहरसा सहित अन्य शहरी क्षेत्रों में सीवरेज और जलापूर्ति परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। इनमें नहर प्रणालियों के आधुनिकीकरण के साथ डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालयों, आईआईटी पटना रिसर्च पार्क और छात्रावास के निर्माण, इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों के विकास तथा इमरजेंसी रिस्पॉन्स और पुलिस डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर का शिलान्यास भी शामिल है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री 100 पीएम-ईबसों को हरी झंडी दिखाएंगे और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों का गृह प्रवेश भी आयोजित किया जाएगा।