वायुसेना प्रमुख आशुतोष दीक्षित ने कहा है कि विदेशी जासूसी नेटवर्क अब केवल हनी ट्रैप तक सीमित नहीं हैं। वे साइबर जासूसी और अन्य तरीकों से भारतीय रक्षा क्षेत्र से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। इन तरीकों में सोशल मीडिया पर भावनात्मक जाल में फंसाना, मल्टीलेवल मार्केटिंग और कर्ज के जाल में उलझाना शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि अंदरूनी लोगों के जरिए जानकारी लीक होने का खतरा ज्यादा है।

दीक्षित ने बताया कि 2026 में हनी ट्रैप के चार मामले सामने आए हैं। इनमें नौसेना के दो जवान, वायुसेना के एक विंग कमांडर और एक पूर्व सैनिक शामिल थे। सोशल मीडिया के जरिए डिजिटल हनी ट्रैप का खतरा ज्यादा बताया गया है।

वायुसेना प्रमुख के मुताबिक, इन खतरों से निपटने के लिए तकनीकी और संस्थागत स्तर पर कई उपाय किए गए हैं। सरकारी क्षेत्र, DRDO की लैब और निजी रक्षा कंपनियों के लिए भी सुरक्षा व्यवस्था पर काम हो रहा है।

दीक्षित ने कहा कि निजी रक्षा कंपनियों को नेटवर्क के सुरक्षित इस्तेमाल और सही सॉफ्टवेयर चुनने की सलाह देने के लिए एक एजेंसी काम कर रही है। कंपनियों को इस सलाह का पालन करना चाहिए, जिससे ज्यादातर मामलों में साइबर सुरक्षा के खतरों से बचा जा सकता है।