सुप्रीम कोर्ट में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे एक वकील ने मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत से तीखी बहस की। वकील अपने खिलाफ चल रहे अवमानना के मामले में जल्द सुनवाई चाहते थे। जब CJI ने उनसे थोड़ा इंतजार करने को कहा, तो वकील ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे इस कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं हैं और उनमें ईमानदारी नहीं है। CJI सूर्यकांत की अगुवाई वाली बेंच में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी मौजूद थे।
वकील ने तय प्रक्रिया के बिना अपना मामला रखने के लिए पहले माफी मांगी। इस पर जस्टिस वी. मोहना ने कहा कि वे इस तरह मामले का जिक्र नहीं कर सकते। CJI सूर्यकांत ने वकील से कहा कि वे उनका आवेदन देखेंगे और उन्हें थोड़ा इंतजार करना चाहिए। इस बात पर वकील भड़क गए। हालांकि, वकील ने बेंच में मौजूद जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना के प्रति सम्मान भी जताया। बताया जाता है कि वकील ने 2 नवंबर को CJI के चैंबर में आवेदन दिया था।
वकील की टिप्पणी के बाद कोर्ट की कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो बंद कर दिया गया। कोर्ट में मौजूद वकीलों के मुताबिक, बाद में सुरक्षाकर्मी उन्हें कोर्ट रूम से बाहर ले गए। वहां मौजूद दूसरे वकीलों ने CJI से इस व्यवहार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। वकील के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
इससे पहले जुलाई में भी CJI सूर्यकांत के साथ बदसलूकी की घटना सामने आई थी। उस समय याचिकाकर्ता प्रबल प्रताप ने सुप्रीम कोर्ट में हंगामा किया था और CJI के खिलाफ अपशब्द कहे थे। सुनवाई कर रही बेंच में CJI सूर्यकांत शामिल नहीं थे। बेंच ने अवमानना की कार्रवाई शुरू करने से इनकार करते हुए कहा था कि याचिकाकर्ता परेशान लग रहा था और उसे कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं।
