कांग्रेस पिछले कुछ महीनों से SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सदन से लेकर सड़क तक मोर्चा खोले हुए है। पार्टी ने ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूची में हेरफेर और वोट चोरी के आरोप लगाए हैं। राहुल गांधी इस मुद्दे पर कई प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुके हैं और दिल्ली में आंदोलन भी किया है। पार्टी सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा भी खटखटा चुकी है। एक दिन पहले ही सभी राज्यों की राजधानियों में कांग्रेस नेताओं ने SIR में कथित अनियमितता के खिलाफ और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अभियान चलाया था।

इसी बीच मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह की CEC ज्ञानेश कुमार के साथ एक तस्वीर सामने आई है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। यह तस्वीर भोपाल में एक निजी शादी समारोह की है। अजय सिंह ने यह तस्वीर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट की थी, जिसमें वे ज्ञानेश कुमार और राज्य विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के साथ नजर आ रहे हैं। मुलाकात वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपेंद्र जैन के बेटे की शादी के रिसेप्शन में हुई।

अजय सिंह ने बताया कि वे उपेंद्र जैन को करीब 40 वर्षों से जानते हैं और एक मेहमान के तौर पर कार्यक्रम में शामिल हुए थे। उन्हें पहले से जानकारी नहीं थी कि वहां ज्ञानेश कुमार भी मौजूद होंगे। उपेंद्र जैन, ज्ञानेश कुमार के भतीजे हैं। अजय सिंह ने कहा कि ज्ञानेश कुमार से उनकी मुलाकात महज एक संयोग थी और उनसे कोई बातचीत नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अगर तस्वीर को देखकर यह चर्चा हो रही है कि बातचीत हुई है, तो वह स्पष्ट करना चाहते हैं कि ऐसा कुछ नहीं हुआ।

अजय सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के भूतपूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के बेटे हैं। वे सीधी जिले के चुरहट से सातवीं बार विधायक चुने गए हैं और राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रह चुके हैं। उधर, बुधवार दोपहर करीब 4 बजे CEC के भोपाल में होने की जानकारी मिलने पर यूथ कांग्रेस और NSUI के कार्यकर्ता पुतला लेकर उस होटल की ओर दौड़े, जहां उनके ठहरने की खबर थी। कार्यकर्ताओं के पहुंचने से पहले ही सीईसी एयरपोर्ट के लिए रवाना हो चुके थे। कार्यकर्ता एयरपोर्ट भी पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी फ्लाइट उड़ान भर चुकी थी। प्रदर्शन आखिरकार प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय के बाहर सीईसी का पुतला फूंक कर समाप्त हुआ। कांग्रेस प्रवक्ता मुकेश नायक ने स्वीकार किया कि पार्टी को सीईसी के आगमन की पूर्व सूचना नहीं थी।