संविधान दिवस के अवसर पर ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा। पार्टी नेताओं ने नागरिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा पर जोर देते हुए भाजपा सरकारों पर संवैधानिक आदर्शों का पालन न करने का आरोप लगाया।
पार्टी प्रमुख और बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को इंटरनेट मीडिया के जरिए देशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारतीय संविधान को लोकतंत्र की आधारशिला बताया और कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, सम्मान और आकांक्षाओं की रक्षा करता है।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने संविधान निर्माताओं की दूरदर्शिता को याद करते हुए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को दोबारा स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने संविधान दिवस को इन मूल आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर बताया।
तृणमूल के प्रवक्ता और बेलियाघाटा के विधायक कुणाल घोष ने केंद्र और बंगाल की भाजपा सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या भाजपा की सरकारें वास्तव में संविधान के अनुरूप काम कर रही हैं और उसके मूल आदर्शों का पालन कर रही हैं? कुणाल ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार ने संविधान की मूल भावना को बनाए रखते हुए काम किया, जबकि राज्य में भाजपा सरकार ने छह महीने के भीतर ही इस भावना पर प्रहार करना शुरू कर दिया है। उन्होंने सांप्रदायिक सद्भाव, सर्वधर्म समभाव, धर्मनिरपेक्षता, धार्मिक सहिष्णुता और मानवाधिकारों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कामकाज इन संवैधानिक मूल्यों के विपरीत हैं। कुणाल के मुताबिक, जनता अपने अनुभवों से सरकार के कामकाज का आकलन कर रही है।
