लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। पार्टी कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घोषणा पत्र को पीडीए का प्रणपत्र नाम दिया। इसमें छात्र, युवा, महिला और किसानों सहित विभिन्न वर्गों से जुड़े 21 सूत्री वादे किए गए हैं। घोषणा पत्र के जरिए पार्टी ने पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी पीडीए राजनीति को साधने का प्रयास किया है।

घोषणा पत्र जारी करते समय अखिलेश यादव लाल टोपी और कंधे पर नीला गमछा लिए नजर आए। नीले गमछे पर साइकिल का चुनाव चिन्ह बना हुआ था। लाल रंग समाजवादी पार्टी का रंग माना जाता है। माना जा रहा है कि इस लुक के जरिए प्रदेश की राजनीति में बड़ा संदेश देने की कोशिश की गई है।

बताते चलें कि पिछले दिनों समाजवादी पार्टी दलित वोट बैंक को अपने पाले में लाने के लिए नीले गमछे और जय भीम के नारों की बात करती दिखी थी। अब घोषणा पत्र जारी होने के मौके पर अखिलेश यादव ने दलित वर्ग को साथ जोड़ने का संकेत दिया है।

अखिलेश यादव की कोशिश पीडीए राजनीति को मजबूत करने की है। इसके साथ ही उनकी नजर उस दलित वर्ग पर है, जो भारतीय जनता पार्टी का विरोधी रहा है और जिसने हाल के समय में बहुजन समाज पार्टी का साथ छोड़ा है। मायावती से छिटके इन वोटरों को अपने पाले में लाने के लिए अखिलेश यादव लगातार राजनीतिक समीकरण साधने का प्रयास करते दिख रहे हैं।