भोपाल: पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह इन दिनों अपने एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। वीडियो में एक युवा यू-ट्यूबर उनसे बुंदेलखंडी अंदाज में बातचीत करता नजर आता है। युवक कैमरे के सामने दिग्विजय सिंह का परिचय देते हुए कहता है कि ये मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह हैं, जिन्हें दिग्गी राजा के नाम से जाना जाता है। इसके बाद वह उनकी उम्र को लेकर बुंदेलखंडी में एक टिप्पणी करता है, जिसमें 'डुकरा' शब्द का इस्तेमाल होता है। बुंदेलखंड में यह शब्द बुजुर्ग या बूढ़े व्यक्ति के लिए प्रयोग किया जाता है।

युवक की इस बेबाक टिप्पणी पर दिग्विजय सिंह ने कोई नाराजगी नहीं दिखाई। वह जोर-जोर से हंसने लगे और युवक के कंधे पर हाथ मारते हुए बोले, 'ए डुकरा काहे कह रहो।' उनके इस जवाब से बातचीत और मजेदार हो गई और वहां मौजूद लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

इस पूरे प्रसंग को दिग्विजय सिंह के ऑफिस के आधिकारिक X अकाउंट से भी साझा किया गया। पोस्ट में उनकी उम्र और सक्रियता के बीच दिलचस्प तुलना की गई और सवाल उठाया गया कि आज के समय में कौन सा 'डुकरा' रोजाना 15 से 20 किलोमीटर पैदल चलता है। पोस्ट के जरिए उनकी सक्रियता को लोकतंत्र बचाने और सनातन धर्म की रक्षा के उनके बताए लक्ष्य से भी जोड़ा गया।

दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश की राजनीति के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। वह 1993 से 2003 तक लगातार दो कार्यकाल में प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। इससे पहले वह राज्य सरकार में मंत्री और लोकसभा सांसद भी रह चुके हैं। कांग्रेस संगठन में महासचिव की जिम्मेदारी निभाने के बाद वह राज्यसभा भी पहुंचे। राजनीतिक मुद्दों पर मुखर रहने वाले दिग्विजय सिंह का यह वीडियो उनके एक अलग और हल्के-फुल्के अंदाज को सामने ला रहा है, यही वजह है कि यह छोटा-सा संवाद सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।