संविधान दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में कहा कि जिन-जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने यूसीसी को राज्य के नीति निर्देशक सिद्धांतों में शामिल किया था और धर्म से परे सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून की परिकल्पना की थी। शाह ने कहा कि हिंदू, सिख, मुस्लिम, ईसाई या पारसी हर नागरिक को एक समान कानून के तहत जीवन जीने का अधिकार मिलना चाहिए और धर्म के आधार पर कानून नहीं बनाए जाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की पार्टी इसका खुलकर विरोध करती है।

गृह मंत्री ने कहा कि संविधान राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार है। संविधान निर्माताओं ने तय किया था कि सत्ता जनता के जरिए हासिल होगी और उसका इस्तेमाल भी जनता के माध्यम से होगा। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का महत्वपूर्ण दिन है, क्योंकि इसी दिन देश को वह दिशा मिली जिसने आजाद भारत के शासन, लोकतंत्र और जन भागीदारी की नींव मजबूत की। उन्होंने संविधान को केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, बलिदान और सपनों का प्रतीक बताया।

शाह ने कहा कि 1857 से 1947 तक 90 साल के स्वातंत्र्य संग्राम में अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। लगभग 200 से 250 वर्षों की गुलामी के दौरान भारत की सभ्यता, ज्ञान और गौरव को भारी क्षति पहुंची, और संविधान निर्माताओं ने देश के सामने विकास का रोडमैप रखा। उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान करना सभी भारतीयों का दायित्व है, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आजादी के बाद संविधान को केवल सरकार चलाने की मार्गदर्शिका के रूप में देखने का प्रयास किया गया।

विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि जो लोग हाथ में संविधान लेकर घूम रहे हैं और उन पर संविधान का अपमान करने का आरोप लगाते हैं, उन्हें 15 मिनट संसद की लाइब्रेरी में जाकर संविधान पढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2014 में सरकार बनने के बाद संविधान गौरव दिवस मनाने का फैसला किया गया, जिससे इसकी भावना लोगों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि संविधान की मूल प्रति के अध्यायों की शुरुआत भगवान श्री राम का अयोध्या आगमन, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोबिंद सिंह जी, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस को दर्शाने वाले चित्रों से होती है।