रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के छोटे भाई बसंत सोरेन सिंगापुर में इलाज के बाद स्वदेश लौट आए हैं। लंबे समय बाद गुरुवार को वे विधानसभा पहुंचे। सिंगापुर में इलाज के बाद बसंत सोरेन पहली बार सार्वजनिक रूप से नजर आए। दुमका के जेएमएम विधायक बसंत सोरेन मास्क लगाए हुए थे। बीमारी के कारण वे अपनी मां रूपी सोरेन के अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हो पाए थे। हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन सिंगापुर में इलाजरत बसंत सोरेन के स्वास्थ्य पर नजर रख रहे थे।
पार्टी विधायक विकास मुंडा के साथ बसंत सोरेन सदन के अंदर पहुंचे। इस दौरान मुख्य द्वार पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सभी की शुभकामनाओं और दुआओं के कारण वे स्वस्थ होकर वापस लौट पाए हैं। जानकारी के मुताबिक, डॉक्टरों की सलाह के बाद वे एक बार फिर सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के सबसे छोटे बेटे बसंत सोरेन के विधानसभा पहुंचने पर कल्पना सोरेन ने उनका हाल-चाल जाना और सेहत के बारे में जानकारी ली।
विधानसभा अध्यक्ष रबिंद्र नाथ महतो ने सदन को बसंत सोरेन के कार्यवाही में शामिल होने की जानकारी दी और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस बीच, विधानसभा में दो दिनों का विशेष सत्र आहूत किया गया था। सत्र में एमएमडीआर एक्ट और एसआईआर पर चर्चा के बाद अलग-अलग संकल्प प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने पर सहमति बनी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एमएमडीआर संशोधन एक्ट से झारखंड को संभावित 13 हजार करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका जताई, जबकि नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार के आंकड़ों के आधार पर इस दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार से झारखंड को मिलने वाली सहायता में बढ़ोतरी हुई है।
