बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद रविवार को बिल्हौर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम शिवराजपुर के बैरी स्थित राम सहाय इंटर कालेज में दोपहर 12 बजे से प्रस्तावित है। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार जनसभा में 50 हजार से अधिक समर्थकों के पहुंचने का अनुमान है। कार्यक्रम में बिल्हौर सीट के प्रत्याशी की घोषणा होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि पार्टी ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच बसपा बिल्हौर सुरक्षित सीट पर संगठन को सक्रिय करने में जुटी है। पार्टी यहां दो बार विधायक बनाने में सफल रही थी, लेकिन वर्ष 2022 के चुनाव में उसे हार का सामना करना पड़ा था। इस बार क्षेत्रीय प्रत्याशी उतारने की मांग के बीच पूर्व जिला पंचायत सदस्य अवधेश कोरी को विधानसभा प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। जिलाध्यक्ष कुलदीप कुमार के मुताबिक, जनसभा में मुख्य रूप से बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को आमंत्रित किया गया है।

विधानसभा प्रभारी अवधेश कोरी ने बताया कि कार्यक्रम की जिम्मेदारी सात जोन में बांटकर पदाधिकारियों को सौंपी गई है। गांव स्तर पर जनसंपर्क के साथ समर्थकों को सभा स्थल तक लाने के लिए दो हजार ट्रैक्टर लगाए गए हैं। जनसभा के लिए मैदान में 150 फीट चौड़ा और 300 फीट लंबा वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है। मुख्य अतिथि के लिए अलग मंच बनाया गया है, जबकि जिला और मंडल पदाधिकारियों के बैठने की अलग व्यवस्था रहेगी।

शनिवार को मंडल कोआर्डिनेटर नौशाद खां ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने भी 50 हजार से अधिक समर्थकों के पहुंचने का अनुमान जताया। राम सहाय इंटर कालेज का मैदान बसपा की पुरानी चुनावी यादों से भी जुड़ा है। फरवरी 2012 में तत्कालीन मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमो मायावती ने इसी मैदान में जनसभा की थी और बिल्हौर सीट से कमलेश दिवाकर को प्रत्याशी घोषित किया था। अब करीब 14 साल बाद इसी स्थान पर आकाश आनंद की जनसभा होने जा रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं की निगाहें उनके संबोधन और संभावित प्रत्याशी की घोषणा पर टिकी हैं।