तेल अवीव में रविवार को यशर पार्टी के प्रमुख गादी आइजेनकॉट और लिकुड नेता तथा कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच मुलाकात होनी है। यह बैठक सैन्य मुख्यालय में होगी, जिसमें यूनिटी गवर्नमेंट यानी मिलीजुली सरकार बनाने पर चर्चा होगी। बातचीत की शुरुआत सुरक्षा ब्रीफिंग से होगी और दोनों पक्षों के बीच विवादित मुद्दों पर बीच का रास्ता निकालने की कोशिश की जाएगी। यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब चुनाव के दोनों प्रमुख प्रतिद्वंद्वी साथ आकर सरकार बनाने पर सहमत हो गए हैं। नेतन्याहू ने पहले दो साल के लिए आइजेनकॉट को प्रधानमंत्री बनाने और उसके बाद खुद पद संभालने पर सहमति जताई है।

दोनों नेताओं की बैठक पहले हर्जलिया के डैन अकाडिया होटल में तय हुई थी, जिसे बाद में सैन्य मुख्यालय स्थानांतरित कर दिया गया। इजरायली मीडिया के मुताबिक, नेतन्याहू बैठक में यह प्रस्ताव रख सकते हैं कि रोटेशन तब तक लागू न हो जब तक निकट भविष्य की किसी संवेदनशील सुरक्षा घटना से निपटा न जाए। हालांकि आइजेनकॉट की पार्टी ने इस शर्त को पूरी तरह खारिज किया है।

दोनों पार्टियों के बीच अभी कई मुद्दों पर एक राय नहीं बन पाई है। आइजेनकॉट ने जोर देकर कहा है कि बातचीत का मुख्य केंद्र रोटेशन के बजाय महत्वपूर्ण नीतिगत मुद्दे होने चाहिए। उन्होंने कहा कि लिकुड पार्टी ने एक हफ्ते पहले दिए गए उस प्रस्ताव का अब तक जवाब नहीं दिया है, जिसमें उनकी पार्टी की ओर से कई बड़े प्रस्ताव रखे गए थे। रोटेशन में पहले प्रधानमंत्री बनने का मामला सुलझने के बावजूद कई मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई है। इनमें 7 अक्टूबर के हमले की जांच के लिए स्टेट कमीशन ऑफ इंक्वायरी का गठन एक बड़ा मामला है, जिसका नेतन्याहू विरोध करते हैं। न्यायिक प्रणाली में बदलाव से जुड़े मुद्दे पर भी दोनों पक्षों में एक राय नहीं बन सकी है।

आइजेनकॉट ने शनिवार को कहा कि तुरंत यूनिटी सरकार पर बातचीत होनी चाहिए। उन्होंने नेतन्याहू की लिकुड पार्टी से कहा है कि अगर वह नई सरकार पर गंभीर है तो इसे साबित करे और 24 घंटे में बातचीत के लिए आगे आए। उन्होंने कहा कि बुनियादी दिशानिर्देशों और नीतिगत मुद्दों पर गंभीर और तेज बातचीत हो सकती है, जो उस विस्तृत प्रस्ताव पर आधारित होगी जिस पर नेतन्याहू ने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है। इजरायल में 27 अक्टूबर को आम चुनाव हुए थे। 120 सदस्यीय संसद में बहुमत के लिए 61 सीटों की जरूरत होती है। आइजेनकॉट के नेतृत्व वाले गठबंधन को 48 और नेतन्याहू के गठबंधन को 53 सीटें मिली हैं। दोनों दल मुस्लिम नेतृत्व वाली अरब पार्टियों को साथ लेने को राजी नहीं हैं, जिससे नई सरकार बनाने को लेकर गतिरोध बना हुआ है।