पंजाब में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी को एक और झटका लगा है। चमकौर साहिब से विधायक डॉ. चरणजीत सिंह रविवार को शिरोमणि अकाली दल में शामिल हो गए। उन्होंने चंडीगढ़ में अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल के आवास पर उनके नेतृत्व में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

डॉ. चरणजीत सिंह ने 2022 के विधानसभा चुनाव में तत्कालीन मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता चरणजीत सिंह चन्नी को हराकर सुर्खियां बटोरी थीं। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी द्वारा जारी उम्मीदवारों की सूची में उनका टिकट काट दिया गया। पार्टी ने चमकौर साहिब सीट से उनकी जगह बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। टिकट कटने के बाद से ही डॉ. चरणजीत सिंह पार्टी नेतृत्व से नाराज चल रहे थे और उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। अकाली दल के वरिष्ठ नेता एनके शर्मा ने कहा कि उनके आने से पार्टी को क्षेत्र में काफी मजबूती मिलेगी।

डॉ. चरणजीत सिंह के पाला बदलने के साथ आगामी चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले विधायकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। खास बात यह है कि इन चारों में से वे पहले विधायक हैं जिन्होंने शिरोमणि अकाली दल का दामन थामा है। इससे पहले 2 नवंबर को आम आदमी पार्टी के तीन विधायकों सनौर से हरमीत सिंह पठानमाजरा, समाना से चेतन सिंह जौड़ामाजरा और अमृतसर उत्तर से कुंवर विजय प्रताप सिंह ने नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली थी।

गौरतलब है कि हाल ही में शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के बीच फिर से चुनावी गठबंधन होने के बाद राज्य के सियासी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। ऐसे में एक के बाद एक मौजूदा विधायकों का पार्टी छोड़कर विपक्षी खेमे में जाना आम आदमी पार्टी के लिए बड़ी चुनावी चुनौती बन गया है।