जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड के एक कार्यक्रम में वंदे मातरम् के गायन को लेकर उठे विवाद के बीच मुफ्ती आजम मुफ्ती नासिर उल इस्लाम ने लोगों से इस विवाद को समाप्त कर आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर वह पहले भी अपना पक्ष स्पष्ट कर चुके हैं और अब इस पर अनावश्यक बयानबाजी या विवाद को आगे बढ़ाने का कोई औचित्य नहीं है।

मुफ्ती नासिर उल इस्लाम ने कहा कि संविधान के दायरे में वंदे मातरम् का सम्मान किया जाना आवश्यक है। समाज के सभी वर्गों को एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए आपसी विश्वास और सद्भाव बनाए रखना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी को भी दूसरे के खिलाफ बयानबाजी करने का कोई औचित्य नहीं है और बेहतर होगा कि इस विवाद को यहीं समाप्त कर दिया जाए।

धर्म और संविधान के संबंध पर उन्होंने कहा कि दोनों एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं, बल्कि एक-दूसरे के सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं। उनके अनुसार धर्म और संविधान के बीच टकराव की स्थिति नहीं बननी चाहिए। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान का सम्मान करे और समाज में धार्मिक सौहार्द बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाए।

मुफ्ती नासिर उल इस्लाम ने कहा कि इस विषय को संवैधानिक दृष्टिकोण से भी समझना जरूरी है। कुछ विषय धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होते हैं, जबकि कुछ का महत्व संवैधानिक दृष्टिकोण से होता है। उन्होंने कहा कि आपसी सम्मान ही वह आधार है जिससे समाज के विभिन्न वर्ग एक-दूसरे के करीब आ सकते हैं और एक-दूसरे की भावनाओं को बेहतर ढंग से समझ सकते हैं। उन्होंने वैमनस्य और टकराव के बजाय भाईचारे, आपसी समझ और संवैधानिक मूल्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।