समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को संभल पहुंचे, जहां वे पार्टी के राज्यसभा सांसद जावेद अली के पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने संसद में परिसीमन (डिलिमिटेशन) बिल फिर से लाए जाने पर बीजेपी पर जमकर हमला बोला और यूपी की योगी सरकार पर भी आरोप लगाए। हालांकि, संभल में 2024 में हुए दंगों के मुद्दे पर उन्होंने कुछ नहीं कहा और इस सवाल से बचते रहे।
अखिलेश यादव ने कहा कि संभल बहुत दिनों तक खबरों में रहा। यह जिला नया है लेकिन शहर पुराना और ऐतिहासिक है। उन्होंने बताया कि मुलायम सिंह यादव भी यहां से सांसद रहे और यहां की जनता ने उन्हें प्यार और सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि संभल के लोग सेकुलर और लोकतांत्रिक हैं तथा देश में भाईचारे की भावना बनी रहनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और एनडीए नफरत के रास्ते पर चलते हैं।
परिसीमन के मुद्दे पर सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि जनता बीजेपी से दूर हो गई है। उन्होंने कहा कि किसान खाद और डीएपी को लेकर परेशान हैं, धान की कीमत नहीं मिल रही, व्यापारी दुखी हैं और युवाओं के पास नौकरी नहीं है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी के एजेंडे में नौकरी नहीं है और इसीलिए परीक्षाएं रद्द हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार परिसीमन लाकर इन मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है और यह बीजेपी की सबसे बड़ी भूल साबित होगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है, लेकिन आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के पीछे परिसीमन लाया जा रहा है। उन्होंने पूछा कि पुराने सेंसस के बजाय आज के डेटा का इस्तेमाल क्यों नहीं किया जा रहा। उन्होंने दावा किया कि परिसीमन समिति में प्रतिनिधियों की कोई भूमिका नहीं दिखती। उन्होंने लोगों से महिला आरक्षण का समर्थन करते हुए परिसीमन से लोकतंत्र को बचाने की अपील की। मुख्यमंत्री के वोटों को लेकर लगाए गए आरोप पर उन्होंने सवाल उठाया कि कौन सच बोल रहा है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की समाजवादी पार्टी से नाराजगी के सवाल को उन्होंने टाल दिया।
