इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ ने कहा है कि संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री दूरसंचार विभाग के अधिकारी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी देने या खारिज करने के लिए सक्षम प्राधिकारी हैं। यह अधिकार उनके सेवा और अनुशासन संबंधी मामलों पर नियंत्रण के दायरे में आता है। न्यायमूर्ति सुभाष विद्यार्थी ने परमात्मा राय की ओर से दाखिल आपराधिक पुनरीक्षण याचिका खारिज करते हुए कहा कि जिस प्राधिकारी को किसी अधिकारी को सेवा से हटाने का अधिकार है, उसे उसके खिलाफ अभियोजन की मंजूरी देने या अस्वीकार करने का भी अधिकार है।
अदालत ने राय की इस दलील को खारिज कर दिया कि अभियोजन की मंजूरी केंद्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री द्वारा दी जानी चाहिए थी। कोर्ट ने कहा कि अभियोजन की मंजूरी देना नीतिगत मामला नहीं है, बल्कि यह सेवा और अनुशासन संबंधी मामलों के दायरे में आता है। पुनरीक्षण याचिका में राय ने सीबीआई द्वारा दर्ज आय से अधिक संपत्ति के मामले में अभियोजन की मंजूरी की वैधता को चुनौती देने वाली अपनी अर्जी खारिज करने के ट्रायल कोर्ट के आदेश को चुनौती दी थी। अभियोजन पक्ष का आरोप था कि राय ने अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से 62 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित की थी।
पीठ ने कहा कि ट्रायल कोर्ट ने अभियोजन की मंजूरी को लेकर राय की आपत्ति खारिज करने में कोई अवैधता नहीं की। अदालत ने पुनरीक्षण याचिका को निराधार मानते हुए खारिज कर दिया।
इसी तरह, प्रयागराज में हाई कोर्ट ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मूल वाद संख्या 2/2023 में यदुवंशी/यादव/जादौ महासभा को वादी बनाने की अर्जी खारिज कर दी है। साथ ही समय पर लिखित बयान न दाखिल करने पर प्रतिवादी संख्या तीन और चार का बचाव खत्म कर दिया है। न्यायमूर्ति अवनीश सक्सेना की एकलपीठ ने यह आदेश दिया। अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होगी, जब कोर्ट सात अर्जियों पर निर्णय देगा। कोर्ट ने कहा कि इस मुकदमे में यह तय नहीं होना है कि यदुवंशी, यादव या जादौन श्रीकृष्ण के वंशज हैं अथवा नहीं, और महासभा के दावे में ही विरोधाभास पाया गया।
वहीं, प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में नियमित शिक्षकों की कमी पर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने गंभीर रुख अपनाया है। न्यायमूर्ति सिद्धार्थ नंदन ने श्रीनिवासन गांधी की याचिका पर सुनवाई करते हुए लोक सेवा आयोग से परीक्षकों की निष्पक्षता और अभ्यर्थियों के विरुद्ध कदाचार जांच संबंधी जानकारी मांगी है। सरकारी वकील ने आश्वासन दिया कि अनुपालन रिपोर्ट आने तक कोर्ट के आदेशों के अधीन आयोग की सिफारिशें लागू नहीं होंगी। मामले में अगली सुनाई आठ दिसंबर को होगी।
