पटना के ज्ञान भवन में गुरुवार को भाजपा की ओर से 'संविधान गौरव दिवस' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया। कार्यक्रम में उन्होंने भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन किया और कांग्रेस पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हर मौके पर निजी लाभ के लिए संविधान की बलि दी और सत्ता में रहते हुए संविधान की भावना के साथ खिलवाड़ किया। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान की रक्षा और उसके सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। उनके मुताबिक, संविधान गौरव दिवस मनाने का उद्देश्य नई पीढ़ी तक संविधान के मूल्यों और उसके निर्माताओं के योगदान को पहुंचाना है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि संविधान दिवस भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की, जिससे संविधान किताबों की अलमारियों से निकलकर देश के 140 करोड़ नागरिकों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बना। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो पार्टी आज संविधान की रक्षा की बात करती है, उसी ने अपने शासनकाल में अनुच्छेद 356 का बार-बार दुरुपयोग कर चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा के नाम पर राजनीति करने वालों को पहले अपने इतिहास पर उत्तर देना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने किया। समारोह में न्यायमूर्ति अंजनी कुमार शरण, बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पीके अग्रवाल और बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष रामलाल खेतान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
