पलामू के शशि पासवान दुबई की अल रशीदिया पुलिस की हिरासत में हैं। वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में उन्हें हिरासत में लिया गया है। काम की तलाश में वे दुबई गए थे। उनकी सकुशल वतन वापसी के लिए परिवार ने गुरुवार को झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की।

जेएलकेएम विधायक जयराम महतो के साथ शशि पासवान की पत्नी और मां ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। स्वजन ने सीएम को पूरे मामले की जानकारी दी और अपनी पीड़ा रखी। मुख्यमंत्री ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया है।

शशि पासवान के स्वजन कई दिनों से सीएम से मिलने की कोशिश कर रहे थे। बुधवार को उन्होंने विधायक जयराम महतो से मुलाकात की। विधानसभा सत्र खत्म होने के बाद यह मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचा।

बता दें कि काम की तलाश में दुबई गए पलामू निवासी शशि कुमार पासवान के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में दुबई की अल रशीदिया पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है। परिवार उनकी सकुशल वतन वापसी की गुहार लगा रहा है।