हैदराबाद में गुरुवार को कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हो गई। BRS ने दो लाख सरकारी नौकरियां देने के कांग्रेस सरकार के वादों के विरोध में एक रेस्टोरेंट में बिरयानी प्रोटेस्ट किया था। इस कार्यक्रम में राहुल गांधी की हैदराबाद यात्रा के तीन साल पूरे होने पर उनका पुतला भी लगाया गया था।
BRS के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव (KTR) ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता डिनर कार्यक्रम में पहुंचे और हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनकी पार्टी के नेताओं और युवा कार्यकर्ताओं पर हमला किया। KTR ने मन्ने कृष्णांक, मुथा जैसिम्हा और जगन पटिमीडी समेत अन्य नेताओं पर हुए हमले की निंदा की।
KTR ने दावा किया कि एक राज्यसभा सांसद ने हमले का नेतृत्व किया और अपने समर्थकों को BRS नेताओं के खिलाफ जुटाया। उन्होंने कहा कि सरकार से चुनावी वादों पर सवाल पूछना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार है और संविधान दिवस के दिन ऐसी घटना होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
KTR ने राज्य सरकार से हमले में शामिल लोगों और कथित तौर पर इसका नेतृत्व करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने विपक्षी दलों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन और सरकार से सवाल पूछने का अधिकार देने की अपील की।
