चंडीगढ़: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में 'वारिस पंजाब दे' प्रमुख अमृतपाल सिंह दो सीटों से चुनाव लड़ सकते हैं। फिलहाल असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद अमृतपाल को लेकर उनके समर्थक कई विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ाने की मांग कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, इसके लिए सीएम भगवंत मान की सीट धुरी और तलवंडी साबो पर विचार किया जा रहा है। धुरी से चुनाव लड़ने पर अमृतपाल को राज्य की राजनीति में अधिक पहचान मिल सकती है, जबकि तलवंडी साबो में तख्त श्री दमदमा साहिब स्थित है। इस सीट से आम आदमी पार्टी ने दो बार की विधायक बलजिंदर कौर को उम्मीदवार बनाया है।
ये दोनों सीटें पंजाब के मालवा क्षेत्र में आती हैं, जो राज्य का सबसे बड़ा राजनीतिक क्षेत्र है। यहां विधानसभा की कुल 117 सीटों में से 69 सीटें हैं। सूत्रों का यह भी कहना है कि धुरी और तलवंडी साबो के अलावा खेमकरण सीट से भी अमृतपाल के चुनाव लड़ने की संभावना है। यह सीट उनके लोकसभा क्षेत्र खडूर साहिब का हिस्सा है।
'वारिस पंजाब दे' के सूत्रों के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व अभी अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से मिल रहे प्रस्तावों पर विचार कर रहा है। 33 वर्षीय अमृतपाल सिंह को पार्टी ने मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया है। फिलहाल वह खडूर साहिब लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और उन्होंने जेल में रहते हुए यह चुनाव करीब दो लाख वोटों के अंतर से जीता था। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शमशेर सिंह पधारी ने कहा कि अमृतपाल के लिए अभी तक कोई विधानसभा क्षेत्र तय नहीं किया गया है। माझा, मालवा और दोआबा तीनों क्षेत्रों से पार्टी के स्वयंसेवक अपने-अपने इलाकों से चुनाव लड़ने के प्रस्ताव भेज रहे हैं। हाल ही में माझा क्षेत्र के अजनाला से भी एक मजबूत गुट ने अमृतपाल को वहां से चुनाव लड़ाने की मांग की है।
अमृतपाल सिंह की पार्टी की चुनावी रणनीति पर संभावित गठबंधन का भी असर पड़ सकता है। मायावती की बहुजन समाज पार्टी, अकाली दल (पूरन सुरजीत) और एसएडी (अमृतसर) के साथ गठबंधन की संभावनाओं पर चर्चा चल रही है। सूत्रों के मुताबिक, मालवा क्षेत्र में एसएडी (अमृतसर) की पकड़ को देखते हुए गठबंधन होने पर अमृतपाल को चुनाव में फायदा मिल सकता है। पार्टी फिलहाल अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के नाम सामने लाकर राजनीतिक माहौल को भी परख रही है।
