डिलिमिटेशन को लेकर जारी बहस के बीच भारतीय जनता पार्टी छोड़ चुके नेता के. अन्नामलाई ने भी अपना पक्ष रखा है। उन्होंने परिसीमन को दक्षिणी राज्यों के लिए स्वागत योग्य कदम बताया। अन्नामलाई ने कहा कि वह 30 नवंबर को संसद में पेश होने जा रहे 132वें संविधान संशोधन विधेयक का पूरी तरह समर्थन करते हैं। उन्होंने कांग्रेस के विरोध को गलत ठहराते हुए कहा कि इसका विरोध करने का कोई तर्क नहीं बनता।

वी द लीडर्स के संस्थापक और प्रमुख अन्नामलाई ने कहा कि डीएमके का समर्थन करना हैरानी की बात नहीं है। उन्होंने कहा कि दक्षिणी राज्यों का प्रतिनिधित्व कम नहीं होगा और तमिलनाडु का हिस्सा कुल सांसदों का 7.18 प्रतिशत होगा। उनके अनुसार यह ऐसा कदम है जिसे हर राजनीतिक दल को समर्थन देना चाहिए, यहां तक कि टीवीके को भी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के असहमत होने का कोई कारण नहीं दिखता, क्योंकि वह पहले भी तीन बार ऐसा कर चुकी है और अब यह प्रक्रिया काफी निष्पक्ष है।

अन्नामलाई ने आगे कहा कि अगला लोकसभा चुनाव जब भी हो, 33 प्रतिशत आरक्षण लागू होना चाहिए, जिससे महिलाओं को लोकसभा में प्रवेश मिल सके। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई वास्तविक चिंता नहीं लगती और उसे डर फैलाने के बजाय अपनी समस्या स्पष्ट बतानी चाहिए।

इस बीच, केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने शनिवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार का प्रस्तावित परिसीमन विधेयक दक्षिणी राज्यों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व घटाने और देश के संघीय ढांचे को कमजोर करने की साजिश है। कांग्रेस नेता ने बयान में आरोप लगाया कि भाजपा अपने राजनीतिक हितों और सत्ता में बने रहने के लिए यह एजेंडा आगे बढ़ा रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का उद्देश्य उत्तरी राज्यों का राजनीतिक वर्चस्व सुनिश्चित करना और संसद में दक्षिणी राज्यों की आवाज कमजोर करना है। उन्होंने इसे देश की एकता और लोकतंत्र के लिए गंभीर चुनौती बताया।

चेन्निथला ने इस दावे को सरासर झूठ करार दिया कि प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य लोकसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि असली मंशा लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करना और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का एजेंडा थोपना है।