असम में जन्मे सात हफ्ते के हाथी के बच्चे ‘राजा’ को इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर जामनगर के वनतारा पहुंचाया गया है। वनतारा की टीम कई दिनों से असम में उसका इलाज कर रही थी। शुक्रवार को अनंत अंबानी की पहल पर उसे हवाई मार्ग से जामनगर लाया गया, जहां अस्पताल में उसका विशेष इलाज होगा।
राजा का जन्म दो अक्टूबर को गोगामुख में हुआ था। जन्म के समय मां ने घबराहट में उसे लात मार दी थी, जिससे उसके पिछले दाएं पैर की जांघ की हड्डी टूटकर खिसक गई थी। वह खड़ा नहीं हो पा रहा था और उसे मां का दूध भी नहीं मिल रहा था। वनतारा की टीम आठ अक्टूबर को असम पहुंची थी। एक्सरे के बाद पैर पर प्लास्टर चढ़ाया गया और घावों का इलाज किया गया। विशेष सहारे के साथ उसे मां के दूध का विकल्प दिया गया और मेडिकल टीम ने चौबीसों घंटे उसकी देखभाल की।
मां का दूध न मिलने और चल-फिर न पाने से राजा की हालत बिगड़ती गई। लगातार लूज मोशन से वह कमजोर पड़ता गया और क्लेबसिएला न्यूमोनिया बैक्टीरिया से संक्रमित हो गया। कई बार उसका ब्लड शुगर कम हुआ और लिवर पर दबाव बढ़ा। लगातार लेटे रहने से उसके सिर पर भी गहरे घाव हो गए। एंटीबायोटिक, तरल पदार्थ और विटामिन से उसका इलाज किया गया। शरीर में थोड़ी जान आने के बाद शुक्रवार को उसे एयरलिफ्ट किया गया।
वनतारा के अस्पताल में अब राजा की हड्डी का विशेष इलाज किया जाएगा और पोषण पर ध्यान दिया जाएगा। चोट की गंभीरता को देखते हुए उसे जीवनभर चिकित्सकीय देखभाल की जरूरत पड़ सकती है।
