शुक्रवार को सोना 5,638 रुपए सस्ता होकर 1.23 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जो एक साल का सबसे निचला स्तर है। चांदी भी 7,911 रुपए गिरकर 1.50 लाख रुपए प्रति किलो पर बंद हुई। अमेरिकी डॉलर की मजबूती और ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली के कारण कीमतों पर दबाव बना हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक सोना अपने उच्चतम स्तर से करीब 30 प्रतिशत और चांदी 60 प्रतिशत तक नीचे आ चुकी है।

ब्रिटिश एविएशन मैगजीन फ्लाइट ग्लोबल की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत के पास 36 नहीं, बल्कि 32 एक्टिव राफेल विमान हैं। रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया कि बाकी चार विमान कहां हैं। भारतीय वायुसेना के पूर्व उप प्रमुख एयर मार्शल एन. तिवारी ने रिपोर्ट को पूरी तरह गलत बताया और कहा कि मैगजीन को अपने सूत्रों की विश्वसनीयता की दोबारा जांच करनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने भारत के चार राफेल विमान मार गिराने का दावा किया था।

ढाका में मेंस एशिया कप फॉर द ब्लाइंड का फाइनल बारिश के कारण नहीं हो सका, जिसके बाद भारत और पाकिस्तान को संयुक्त विजेता घोषित किया गया। इस फैसले पर वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट के अध्यक्ष और पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल के प्रमुख सुल्तान शाह ने आपत्ति जताई और पाकिस्तान को विजेता घोषित कर दिया। बाद में मैच रेफरी को भी यही फैसला सुनाना पड़ा। भारतीय टीम अवॉर्ड सेरेमनी में नहीं गई। क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया के महासचिव शैलेंद्र ने कहा कि जब तक विवाद नहीं सुलझता, भारतीय टीम पाकिस्तान के साथ कोई मैच नहीं खेलेगी।

दिल्ली में पहले एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब दुनिया में युद्ध और अशांति पर चर्चा हो रही है, तब भारत में सभ्यताओं के बीच संवाद हो रहा है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक जुड़ाव और सहयोग से शांति का रास्ता मजबूत हो सकता है। कार्यक्रम में शामिल पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने उम्मीद जताई कि इस फोरम के बाद भारत-पाकिस्तान समेत सभी देशों के रिश्ते बेहतर होंगे। ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहली बार है जब पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत आया है।