राम की नगरी अयोध्या से सीता की नगरी जनकपुरधाम के लिए चली ऐतिहासिक ट्रेन शनिवार सुबह 5.19 बजे मधुबनी स्टेशन पहुंची, जहां लोगों ने फूल-माला और जय श्रीराम के नारों से उसका स्वागत किया। इसके बाद ट्रेन सुबह 6.15 बजे जयनगर के नेपाली स्टेशन पर पहुंची। वहां पहुंचते ही पूरा स्टेशन जय श्रीराम और जय जानकी के नारों से गूंज उठा। सुबह से ही स्टेशन पर श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और युवाओं की भारी भीड़ जुटी हुई थी।

जयनगर स्टेशन पर यात्रियों को नाश्ता और पानी दिया गया। स्थानीय लोगों और स्वागत समिति के सदस्यों ने ट्रेन में सवार सभी श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। जनकपुरधाम जाने से पहले जयनगर नेपाली स्टेशन पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई थी। एसएसबी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच की। खोजी कुत्तों से भी ट्रेन के सभी कोचों की जांच कराई गई। इसके बाद ही ट्रेन को जनकपुरधाम के लिए आगे रवाना होने की अनुमति दी गई।

इस ऐतिहासिक यात्रा में अयोध्या से बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी और श्रद्धालु भी आए हैं। अयोध्या से आए अमित कुमार ने कहा कि यह बहुत सौभाग्य की बात है कि राम की नगरी से मां सीता की नगरी तक ट्रेन परिचालन देखने का मौका मिला है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक क्षण बताया। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ ट्रेन नहीं है, यह राम और जानकी का मिलन है। अब अयोध्या में रामलला के दर्शन के बाद सीधे जनकपुर में माता जानकी के दर्शन हो जाएंगे।

जयनगर से ट्रेन के जनकपुरधाम के लिए रवाना होते ही लोगों ने एक बार फिर जय श्रीराम के नारे लगाए और ट्रेन को विदा किया।