उत्तर मध्य रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रयागराज और सूबेदारगंज से श्री एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल (बेंगलुरु) के लिए दो साप्ताहिक विशेष ट्रेनें शुरू की हैं। इनसे उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। बेंगलुरु में रोजगार, शिक्षा और व्यापार के सिलसिले में आने-जाने वाले यात्रियों को भी राहत मिलेगी।
ट्रेन नंबर 04151 प्रयागराज-एसएमवीटी बेंगलुरु हर बुधवार को 16 और 23 दिसंबर तक दो फेरे लगाएगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04152 एसएमवीटी बेंगलुरु-प्रयागराज हर शनिवार 19 और 26 दिसंबर तक दो फेरे लगाएगी। इस ट्रेन में दो एसएलआर, सात सामान्य, 11 स्लीपर, तीन एसी तृतीय और एक एसी द्वितीय कोच समेत कुल 24 कोच होंगे। प्रयागराज से यह ट्रेन सुबह छह बजे रवाना होगी, जबकि बेंगलुरु से शनिवार सुबह सात बजे चलकर सोमवार सुबह 6.30 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।
इसी तरह ट्रेन नंबर 04171 सूबेदारगंज-एसएमवीटी बेंगलुरु हर शुक्रवार 11 से 25 दिसंबर तक तीन फेरे लगाएगी। ट्रेन नंबर 04172 एसएमवीटी बेंगलुरु-सूबेदारगंज हर सोमवार 14 से 28 दिसंबर तक तीन फेरे लगाएगी। इसमें एक एसी प्रथम सहद्वितीय, नौ स्लीपर, दो एसी तृतीय श्रेणी, छह सामान्य और दो एसएलआर/डी समेत 20 कोच होंगे। सूबेदारगंज से यह ट्रेन शुक्रवार सुबह 9.20 बजे चलेगी और बेंगलुरु से सोमवार सुबह सात बजे रवाना होकर मंगलवार सुबह 4.30 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी।
रेलवे ने दानापुर, सहरसा और दरभंगा से अहमदाबाद, एर्नाकुलम, बेंगलुरु, लोकमान्य तिलक टर्मिनस और मैसूर के लिए भी कई वन-वे स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। ट्रेन नंबर 03223 दानापुर-अहमदाबाद 25 नवंबर को एक फेरे के लिए चलेगी, जो दानापुर से सुबह 10.30 बजे रवाना होकर प्रयागराज छिवकी सुबह 5.30 बजे पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 03221 दानापुर-एर्नाकुलम 26 नवंबर को एक फेरे के लिए चलेगी, जो दानापुर से सुबह 10.45 बजे चलकर प्रयागराज छिवकी सुबह 5.40 बजे पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 03241 दानापुर-बेंगलुरु 25 नवंबर को एक फेरे के लिए चलेगी, जो दानापुर से सुबह 8.45 बजे रवाना होकर प्रयागराज छिवकी सुबह 4.10 बजे पहुंचेगी, जबकि ट्रेन नंबर 03242 बेंगलुरु-दानापुर बेंगलुरु कैंट से तीन बजे चलकर प्रयागराज छिवकी सुबह 11.40 बजे पहुंचेगी।
ट्रेन नंबर 05587 सहरसा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस 25 नवंबर को एक फेरे के लिए चलेगी, जो सहरसा से सुबह 5.45 बजे रवाना होकर प्रयागराज छिवकी सुबह 7.55 बजे पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 05588 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-सहरसा लोकमान्य तिलक टर्मिनस से सुबह 8.30 बजे चलकर प्रयागराज छिवकी सुबह 6.15 बजे आएगी। ट्रेन नंबर 05513 दरभंगा-मैसूर वन-वे स्पेशल 27 नवंबर को एक फेरे के लिए चलेगी, जो दरभंगा से सुबह 4.20 बजे प्रस्थान करके प्रयागराज छिवकी सुबह 4.40 बजे पहुंचेगी।
