प्रशांत महासागर में अल नीनो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के संकेत मिल रहे हैं। पेरू और गैलापागोस द्वीपों के पास कुछ इलाकों में समुद्र की सतह का तापमान सामान्य से 10°C तक ज्यादा है, जबकि अक्टूबर में यह अंतर 6-7°C था। यूरोपीय जलवायु सेवा कोपरनिकस के मुताबिक, अक्टूबर में मध्य प्रशांत के प्रमुख क्षेत्र का औसत तापमान 29.94°C रहा, जो 1982-83, 1997-98 और 2015-16 के अल नीनो के चरम तापमान से भी अधिक है। विश्व मौसम संगठन के अनुसार अल नीनो दिसंबर में चरम पर पहुंच सकता है और मार्च 2027 तक मजबूत बने रहने की 79% से अधिक संभावना है। अमेरिकी मौसम वैज्ञानिक रायन माउ ने 22 नवंबर को यूरोपीय मौसम केंद्र के आंकड़ों के आधार पर इसे मेगा अल नीनो बताया।
भारत में इस बार मानसूनी बारिश 13% कम हुई है। फरवरी-मार्च में असामान्य गर्मी से गेहूं की उपज घटने का खतरा है। 13 नवंबर तक पिछले साल के मुकाबले गेहूं की बुवाई 15% कम हुई है। 10 कृषि कारोबार विशेषज्ञों के आकलन के मुताबिक गेहूं का कुल रकबा 336 लाख से घटकर 315.8 लाख हेक्टेयर रह सकता है, जो 26 साल में सबसे बड़ी गिरावट होगी। पानी की कमी के कारण किसान चना-सरसों की ओर बढ़ रहे हैं। एक स्टडी के मुताबिक अर्धशुष्क क्षेत्रों में फरवरी में रात का तापमान तय सीमा से हर एक डिग्री अधिक होने पर उपज 6% तक घट सकती है।
नेचर के मुताबिक समुद्री गरमी से केरल के अलप्पुझा में कुछ मछुआरों की सार्डिन की पकड़ आधी रह गई है, जिससे मछुआरे भी प्रभावित हो रहे हैं।
अल नीनो केवल समुद्र के गर्म होने की प्रक्रिया नहीं है। सामान्य स्थिति में प्रशांत महासागर की हवाएं पूर्व से पश्चिम की ओर चलती हैं और गर्म पानी को इंडोनेशिया-ऑस्ट्रेलिया की तरफ धकेलती हैं, जबकि दक्षिण अमेरिका के पास गहरे समुद्र से ठंडा पानी ऊपर आता रहता है। अल नीनो के दौरान ये हवाएं कमजोर पड़ जाती हैं, जिससे पश्चिम में जमा गर्म पानी पूर्व की ओर फैलने लगता है और प्रशांत महासागर का मध्य और पूर्वी हिस्सा सामान्य से अधिक गर्म हो जाता है। दूसरे महासागरों में भी तापमान बदलता है, लेकिन वहां हवाओं और समुद्री पानी की ऐसी खास व्यवस्था नहीं होती, इसलिए उसे अल नीनो नहीं कहा जाता।
