लखनऊ सहित प्रदेश के अन्य शहरों में जल्द ऐसी इलेक्ट्रिक बसें आएंगी, जो एक बार चार्ज होने पर 200 किलोमीटर तक चलेंगी। नगरीय परिवहन निदेशालय के प्रस्ताव पर कैबिनेट मुहर लगा चुका है, जिसके तहत प्रदेश को कुल 1225 इलेक्ट्रिक सिटी बसें मिलनी हैं। इनमें से 300 बसें लखनऊ को दी जाएंगी। इन बसों के लिए टेंडर इसी माह खोला जाएगा और नए साल में बसें मिलने की उम्मीद है।
नगरीय परिवहन प्राधिकरण के संयुक्त सचिव अजीत सिंह के अनुसार, लखनऊ को मिलने वाली 300 बसों में नौ मीटर की 100 और 12 मीटर की 200 बसें शामिल होंगी। नौ मीटर की ई-बसें एक बार चार्ज होने पर 180 किलोमीटर तक चलेंगी, जबकि 12 मीटर की बसें 200 किलोमीटर तक जाएंगी। अभी तक संचालित हो रही इलेक्ट्रिक बसें एक बार चार्जिंग पर 80 से 120 किलोमीटर तक ही चल पाती हैं। जाम या डायवर्जन से चक्कर लंबा होने पर चार्जिंग खत्म होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता रहा है। नई बसें इस समस्या को दूर करेंगी।
सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने शहर के सभी मेट्रो मार्गों से सिटी बसों को हटा लिया है और अब नौ मार्गों पर बसों का संचालन हो रहा है। इनमें बालागंज चौराहे से विराजखंड, दुबग्गा से मोहनलालगंज, घंटाघर से नैमिषारण्य, स्कूटर इंडिया से अवध बस स्टेशन, एयरपोर्ट से अवध बस स्टेशन कमता, राजाजीपुरम से बीबीडी और मुंशी पुलिया से इंट्रीग्रल यूनिवर्सिटी आदि मार्ग शामिल हैं। जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीकरण मिशन के तहत 2009-10 में लखनऊ को मिली 250 सीएनजी बसें 15 वर्ष की आयु पूरी कर सड़क से हटाई जा चुकी हैं, जिसके बाद अब सिर्फ 115 इलेक्ट्रिक बसें ही चल रही हैं।
उत्तर प्रदेश नगरीय परिवहन निदेशालय ने ग्रास कास्ट कांट्रैक्ट मॉडल के तहत प्रदेश के विभिन्न शहरों में इलेक्ट्रिक बसों की खरीद, आपूर्ति, संचालन और रखरखाव के लिए 12 साल के अनुबंध हेतु निविदा मांगी है। चयनित ऑपरेटर को 1225 ई-बसों की खरीद और आपूर्ति के साथ अगले 12 वर्षों तक संचालन व रखरखाव की जिम्मेदारी निभानी होगी। निविदा में भाग लेने के लिए ऑपरेटरों को तीन करोड़ की बयाना राशि जमा करनी होगी, जबकि निविदा शुल्क शून्य रखा गया है। इस मॉडल में ऑपरेटर बसें खरीदता है और ड्राइवर व मेंटेनेंस का खर्च उठाता है, जिसके बदले प्राधिकरण उसे तय दूरी के आधार पर प्रति किलोमीटर भुगतान करता है। टिकट बिक्री की आय सीधे नगरीय परिवहन प्राधिकरण या संबंधित सिटी ट्रांसपोर्ट कंपनी के पास जाती है, जिससे ऑपरेटर पर यात्री संख्या कम या ज्यादा होने का वित्तीय जोखिम नहीं रहता।
