मेरठ में सड़क हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के नीचे विपरीत दिशा में चल रहे वाहन जाम और दुर्घटनाओं की वजह बन रहे हैं। यहां रविवार रात तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर बाइक सवार शेखर और राजेंद्र की मौत हो गई थी। इसी तरह मोदीपुरम के दुपहिया रोड पर सोमवार रात हुए भीषण हादसे में बाइक सवार दो युवकों शकील और मनीष की जान चली गई। घटनाओं के बाद भी इलाके में यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं दिख रहा है।

ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के नीचे माधवपुरम, दिल्ली रोड और ट्रांसपोर्टनगर की ओर से आने वाले तीन रास्तों का यातायात एक साथ मिलता है। उचित व्यवस्था के अभाव में वाहन चालक मनमानी करते हैं। माधवपुरम से बेगमपुल और नवीन मंडी जाने वाले कई वाहन निर्धारित दिशा के बजाय उल्टी तरफ से निकलते हैं, जिससे चौराहे पर आमने-सामने की स्थिति बनती है और जाम लगता है। करीब चार महीने पहले इसी स्थान पर ब्रह्मपुरी थाने के पुलिसकर्मियों को सुपरटेक में रहने वाले कारोबारी अमन जौली और उसके भाई ने टक्कर मारी थी, जिसमें दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे वाले स्थानों का निरीक्षण किया गया है और अतिरिक्त ड्यूटी लगाकर सुधार किया जा रहा है।

मोदीपुरम के दुपहिया रोड पर सड़क निर्माण के बाद वाहनों की रफ्तार बढ़ने से दुर्घटनाएं बढ़ी हैं। जानी थाना क्षेत्र के गांव पावटी निवासी शकील और मनीष पत्थर घिसाई का काम करते थे। सोमवार रात दोनों बाइक से रोहटा रोड की ओर से अपने गांव जा रहे थे। कंकरखेड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और पास के होटल ग्रीन पार्क के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के अनुसार, बाइक सवार युवकों ने आगे चल रही एसयूवी को ओवरटेक करने का प्रयास किया, इसी दौरान सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली से टक्कर हो गई। दोनों युवक ट्राली के पहियों की चपेट में आ गए और अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली लेकर फरार हो गया।

स्थानीय निवासी नरेश कुमार, मनोज सिंह और धीरज का कहना है कि कुछ महीने पहले तक दुपहिया रोड पर गहरे गड्ढे थे, जिससे वाहन धीमी गति से निकलते थे। सड़क निर्माण के बाद रफ्तार बढ़ गई है। मार्ग सिंगल होने के कारण न डिवाइडर है और न स्पीड ब्रेकर। लोगों के अनुसार सड़क बनने के बाद अब तक पांच से छह हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोग घायल हुए हैं। लोगों ने सड़क पर आठ से दस डबल स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है, ताकि वाहनों की रफ्तार नियंत्रित हो सके।