दिल्ली हाई कोर्ट ने गोरखपुर के चर्चित बिजनेसमैन मनीष गुप्ता हत्याकांड में आरोपित और पांच साल से जेल में बंद तत्कालीन एसएचओ जगत नारायण सिंह को जमानत दे दी है। कोर्ट ने यह राहत देते हुए कहा कि आरोपित पांच साल से जेल में है और सभी महत्वपूर्ण गवाहों की गवाही पूरी हो चुकी है। मामला सितंबर 2021 का है। आरोप है कि घटना के दिन मनीष गुप्ता अपने दोस्तों के साथ गोरखपुर के एक होटल में ठहरे थे, जब रामगढ़ ताल थाने के तत्कालीन एसएचओ जगत नारायण सिंह अपनी टीम के साथ होटल की तलाशी लेने पहुंचे थे और इसी दौरान पिटाई से उनकी मौत हो गई थी। आरोपित को 10 अक्टूबर 2021 को गिरफ्तार किया गया था।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर यह केस दिल्ली ट्रांसफर किया गया था और सीबीआई ने इसकी जांच की। जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान आरोपित ने दलील दी कि अपराध के पीछे कोई मकसद नहीं था और कोई बरामदगी भी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि एसपी के निर्देश पर त्योहार के मद्देनजर होटलों की चेकिंग की जा रही थी, इसी के तहत होटल कृष्णालया की तलाशी ली गई थी, जिसका जिक्र सीबीआई ने अपने जवाब में नहीं किया। आरोपित की ओर से यह भी कहा गया कि सभी जरूरी गवाहों की गवाही हो चुकी है, जिनमें होटल स्टाफ और शिकायतकर्ता शामिल हैं।
सीबीआई की ओर से पेश एडवोकेट रिपुदमन भारद्वाज ने जमानत का विरोध किया और कहा कि आरोपित पुलिस अफसर है और ट्रायल को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने ट्रायल को तय समय में पूरा करने की मांग की। कोर्ट ने सभी दलीलें सुनने के बाद जमानत मंजूर कर ली। बता दें कि आरोपित की पिछली जमानत याचिका अदालत ने खारिज कर दी थी। इस मामले में छह आरोपी हैं, जो सभी पुलिसकर्मी हैं और पहले से जमानत पर हैं।
