हिंदू धर्म में मार्गशीर्ष यानी अगहन महीने को भगवान विष्णु का प्रिय महीना माना जाता है। यह महीना इस साल 25 नवंबर से शुरू हो गया है। श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं कहा है कि महीनों में वे मार्गशीर्ष हैं, इसलिए यह पूरा महीना भक्ति और साधना के लिए शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस दौरान श्रद्धा से पूजन करने वाले भक्तों को पापों से मुक्ति और भगवान विष्णु का आशीर्वाद मिलता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस महीने भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विधि-विधान से साथ पूजा करनी चाहिए। सुबह जल्दी उठकर स्नान के बाद पूजन करें और 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का कम से कम 11 बार जाप करें। तुलसी को विष्णु प्रिया और माता लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है, इसलिए इस महीने तुलसी की पूजा और उनके पास दीपक जलाना शुभ माना गया है।
शाम के समय घर के मुख्य द्वार पर दीपक जलाना भी शुभ बताया जाता है। मान्यता है कि ऐसा करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और माता लक्ष्मी का आगमन होता है। मुख्य द्वार पर घी का दीपक रखने से विष्णु जी का आशीर्वाद भी मिलता है। इस दौरान मुख्य द्वार को साफ रखें और संभव हो तो रंगोली बनाएं या आम के पत्तों का तोरण लगाएं।
मार्गशीर्ष महीने में दान-पुण्य का विशेष महत्व बताया गया है। जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र, कंबल, मौसमी फल और धन का दान करने से समृद्धि के योग बनने की मान्यता है। इसके अलावा भगवान विष्णु के सत्यनारायण स्वरूप की पूजा और कथा सुनना भी शुभ माना जाता है। मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक कथा सुनने से परिवार में सुख-शांति बनी रहती है और विष्णु जी का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
