कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बुधवार को महाराष्ट्र के नागपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुरुवार को होने वाली 'लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ' रैली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रैली में अभिनेता और एक्टिविस्ट प्रकाश राज तथा पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका भी शामिल होंगे। दीपके ने आरोप लगाया कि देश में लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है और बाबा साहब आंबेडकर के संविधान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत दीपके ने मोबाइल पर 'मोदी चालीसा' बजाकर की और मंच पर प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर भी रखी गई थी। इस बारे में पूछे जाने पर दीपके ने तस्वीर की ओर इशारा करते हुए कहा कि देश में सेंसरशिप इतनी ज्यादा चल रही है कि यह तस्वीर इंस्टाग्राम और मेटा के लिए रखी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम और मेटा पर मोदीजी की तस्वीर के बिना राजनीतिक कंटेंट दबाया जा रहा है।

दीपके ने आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम पर जनवरी से जून तक 50 लाख से ज्यादा पोस्ट हटाई गई हैं और मोदी के खिलाफ कुछ भी डालने पर पोस्ट हटाने और अकाउंट उड़ाने के साफ आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसीलिए मोदीजी की फोटो लगाई गई, ताकि इंस्टाग्राम प्रेस कॉन्फ्रेंस न हटाए।

दीपके ने भाजपा पर चुनावों में धांधली का आरोप लगाया और कोल्हापुर की गोकुल डेयरी के सहकारी चुनाव का उदाहरण दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव हारने के बाद परिणाम बदलने के लिए भाजपा अध्यादेश ले आई और चार मेंबरों को शामिल कर लिया। उन्होंने कहा कि जो लोग दूध डेयरी का चुनाव नहीं छोड़ रहे, वे विधानसभा और लोकसभा चुनावों में क्या करते होंगे।