भारत से बांग्लादेश को होने वाली बिजली सप्लाई आधी होने जा रही है। झारखंड के गोड्डा स्थित अडानी पावर प्लांट में दो 800 मेगावॉट की यूनिटों में से एक यूनिट आज आधी रात से मेंटेनेंस के कारण बंद हो जाएगी। bdnews24.com की खबर के मुताबिक, यह सालाना मेंटेनेंस का हिस्सा है और यह 18 दिसंबर तक चलेगा, यानी अगले करीब 25 दिनों तक बांग्लादेश को कम बिजली सप्लाई का सामना करना पड़ सकता है। प्लांट की दूसरी 800 मेगावॉट यूनिट सामान्य रूप से चलती रहेगी।
अडानी पावर का कहना है कि यह मेंटेनेंस पहले से तय कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसमें सर्विसिंग और निरीक्षण जैसे काम शामिल हैं। बांग्लादेश पावर डेवलपमेंट बोर्ड (BPDB) ने शटडाउन के लिए सहमति दी थी। कंपनी के मुताबिक, समय-समय पर मेंटेनेंस इसलिए किया जाता है ताकि भविष्य में किसी तकनीकी दिक्कत से बचा जा सके। बता दें कि बांग्लादेश की बिजली कंपनी ने 2017 में अडानी पावर के साथ 25 साल के लिए बिजली खरीद समझौता किया था।
इससे पहले सितंबर में भी एक यूनिट में खराबी आई थी, जिसके बाद कुछ समय के लिए बिजली सप्लाई कम कर दी गई थी। फिलहाल बांग्लादेश में महंगाई और गारमेंट इंडस्ट्री के कामगारों की सैलरी बढ़ाने को लेकर प्रोटेस्ट हो रहे हैं। राजनीतिक तौर पर भी उठापटक जारी है और पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने वतन वापसी का ऐलान किया है। ऐसे में बिजली सप्लाई घटने से लोगों का गुस्सा और बढ़ सकता है।
